भास्कर संवाददाता | सुल्तानपुर लोधी
चिट्टी बेईं के प्रदूषण का मुद्दा अब शाहकोट के चुनावों में गूंजने लग गया है। गांव सीचेवाल के लोगों ने यहां अपने घरों के बाहर पोस्टर लगाकर वोट मांगने वाले नेताओं को सवाल पूछने शुरू कर दिए हैं। वहीं, गांव सीचेवाल में ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा के समक्ष भी पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल और गांव की सरपंच रजवंत कौर ने चिट्टी बेईं के प्रदूषण से इलाके में कैंसर और काला पीलिया से पड़ रहे कहर के मुद्दे को रखा।
गांव के आम लोगों ने भी पंचायत मंत्री के समक्ष सवाल रखा कि पिछले दो दशकों से चिट्टी बेई का संताप भोग रहे हैं। लोगों ने सवाल किए कि आने वाले चार सालों में कांग्रेस सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है कि वह दूषित पानी का कोई ठोस हल निकालेगी।
लोगों का सवाल
क्या कांग्रेस 4 साल में निकाल पाएगी दूषित पानी का कोई ठोस हल ?
संत बलबीर सिंह सीचेवाल ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा से चिट्टी बेईं को प्रदूषित होने से बचाने संबंधी बात करते हुए। -भास्कर
21 सालों में प्रदूषण के हल के लिए कोई प्रयास नहीं किया| लोगों ने बताया कि पिछले 21 सालों से चिट्टी बेईं के प्रदूषण को हल करने के लिए कोई भी बात सरकारी स्तर पर प्रयास नहीं हुआ। अब जब हलके के गांवों में लोग कैंसर, काला पीलिया और अन्य बीमारियों की चपेट में आकर मर रहे हैं तो सरकार मूकदर्शक बनकर बैठी हुई है। संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि शाहकोट हलके की एक ही मांग है कि यहां से गुजरते पानी के स्त्रोत सतलुज दरिया, चिट्टी बेईं और काला संघिया ड्रेन के प्रदूषण को मुकम्मल तौर पर रोका जाए। जहां इनका दूषित पानी इस इलाके को प्रभावित कर रहा है। वहीं यह मालवा और राजस्थान के लोगों को भी बीमारियां बांट रहा है।
चिट्टी बेईं ‘सच में चिट्टी’ हो जाएगी : तृप्त बाजवा
गांव के लोगों की मांग को सुनने के बाद पंचायत मंत्री तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा ने कहा कि सीचेवाल गांव ने समूह पंजाब के मुद्दे को उभर कर पेश किया। बाजवा ने कहा कि दूषित पानी का मामला केवल शाहकोट का नहीं बल्कि पूरे पंजाब का बना हुआ है। जिसे संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने बाखूबी उभारा है। उन्होंने भरोसा दिया कि पंजाब की कैप्टन सरकार अपने चुनाव वायदे के मुताबिक पंजाब की नदियों और दरियाओं को पूरी तरह साफ करने के लिए वचनबद्ध रहेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि चिट्टी बेईं आने वाले समय में सच में ही चिट्टी हो जाएगी।
सीचेवाल मॉडल पूरे देश को दिखा रहा रास्ता: डिम्पा
पंचायत मंत्री तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा ने बताया कि वह अपने हलके की पंचायतों को साथ लेकर आए हैं, जिससे सीचेवाल मॉडल का अध्ययन किया जा सके। इसी की तर्ज पर अपने हलके और पंजाब की पंचायतों तक पहुंचाया जाए। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रधान सिमरनजीत सिंह मान भी संत बलबीर सिंह सीचेवाल से मिले। उन्होंने पंजाब के प्रदूषित हो रहे वातावरण और दूषित हो रही पंजाब की दरियाओं के बारे में चर्चा की। चुनाव प्रचार पर आए पंजाब कांग्रेस के नेता जसवीर सिंह डिम्पा ने कहा कि सीचेवाल मॉडल पूरे पंजाब को ही नहीं बल्कि पूरे देश को रास्ता दिखा रहा है। इस मौके पर सुरजीत सिंह शंटी, हरजिंदर सिंह, संदीप शर्मा, कुलविंदर सिंह, अमरीक सिंह संधू, गुरविंदर सिंह बोपाराय, संत दया सिंह के अलावा सेवादार मौजूद थे।