कस्बे के भाला स्टेडियम में रविवार रात में कालाडेरा ओलम्पिक का शुभारंभ हुआ। सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती एवं विधायक रामलाल शर्मा ने ओलम्पिक का उद्घाटन किया। उद्घाटन क्रिकेट मैच जयपुर क्रिकेट क्लब व नृसिंहपुरा क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। जयपुर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले नृसिंहपुरा क्रिकेट क्लब की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नृसिंहपुरा की टीम 60 रन पर ही ऑल आउट हाे गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयपुर की टीम ने 11.3 ओवरों में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर मैच में चार विकेट से जीत दर्ज की।
इससे पूर्व ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह का संबोधित करते हुए सीकर सासंद सुमेधानंद सरस्वती व चौमू विधायक रामलाल शर्मा ने स्टेडियम के विकास एवं प्रतिभाशाली खिलाडियों को आगे बढा़ने में सहयोग करने का आश्वासन दिया। सरपंच विष्णु नागर ने बताया कि खिलाडियों की सुविधा के लिए पंचायत की तरफ से स्टेडियम में पानी की टंकी व सड़क बनवाई गई। आयोजक अर्जुन पंडित ने बताया कि कालाडेरा ओलम्पिक के दौरान क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी़, बैडमिन्टन, दौड़ आदि प्रतियोगिताए होगी व विजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव रूपेश कांत व्यास, भाजपा देहात मडंल अध्यक्ष उपेन्द्र बिहारी झालानी, विमलपुरा सरपंच रामगोपाल मीणा, कालाडेरा इंडस्ट्रीज डवलपमेंट एसोसिएशन अध्यक्ष बनवारीलाल शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश योगी, उपसरपंच मुकेश पंचौली, संयाेजक बाबूलाल बगवाडिया, बिरदीचंद गोयल मौजूद थे। सरपंच विष्णु नागर व आयोजक अर्जुन पंडित ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
कालाडेरा. भाला स्टेडियम में कालाडेरा ओलिम्पिक के उद्घाटन समारोह में मंचस्थ अतिथि।
जोडल्या में अंडर 18 क्रिकेट मैच शुरू, 18 टीमों में होगा मुकाबला
सामोद| स्थानीय पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोडल्या खेल मैदान परिसर में सोमवार को स्टूडेंट यूनियन क्रिकेट प्रतियोगिता के तत्वावधान में 18 वर्षीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन यदुवंशी महासंघ प्रदेशाध्यक्ष विपिन यादव ने किया। यादव ने कहा कि विद्यार्थी के जीवन में खेलों की अहम भूमिका होती है विद्यार्थियों को अपने पढ़ाई के समय में से कुछ समय खेलों में बिताना चाहिए। इससे उनका शारीरिक व मानसिक विकास होता है। सरपंच दिनेश चतुर्वेदी, पूर्व कालाडेरा छात्रसंघ अध्यक्ष छुट्टन यादव, जिलाध्यक्ष जयपुर देहात यदुवंशी महासंघ आशीष यादव ने भी विचार व्यक्त किए। आयोजक योगेश, आशीष यादव, अशाेक, राजेश सैनी, विशाल, अंकुश जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला आसीसी वर्सेज सामोद जय भैंरूबाबा क्रिकेट के बीच शुरू हुआ जो देर शाम तक जारी रहा।