कालाडेरा | कालाडेरा-रेनवाल रोड पर सती माता मंदिर के पास शनिवार रात हुए हादसे में कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। हालांकि घटना में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन विद्युत पोल व लाइन टूटकर जमीन पर गिर गए। जानकारी के अनुसार रेनवाल रोड पर सती माता मंदिर के पास कार बेकाबू होकर खंभे से टकरा गई।
घटना के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली व क्षतिग्रस्त वाहन को थाने पर ले आई। पुलिस के अनुसार गोविन्दगढ़ थाने के गांव अणतपुरा-चिमनपुरा निवासी रामनारायण पुत्र देवीलाल यादव अपनी गाडी़ से जा रहा था। इस दौरान अचानक गाडी़ के सामने कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में गाडी़ अनियंत्रित हो गई और विद्युत पोल से टकरा गई। चालक रामनारायण यादव को चोट नहीं आई।
बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे, अल्टो अनियंत्रित होकर पलटी, एक घायल
इटावा भोपजी | वीर हनुमान मार्ग अंजलीमाता मंदिर के पास रविवार शाम वीर हनुमान धाम के दर्शन कर लौटते समय अल्टो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार हेमापुरी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार उदयुपरिया मोड़ स्थित यूईएम में रहने वाले कोलकत्ता निवासी 5 लोग अल्टो कार से हनुमान धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। कार के अनियंत्रित होकर पलटने से उनमें से हेमापुरी घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कालाडेरा. क्षतिग्रस्त वाहन।