अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। वहीं वार्ड चार से कांग्रेस पार्षद मंजीत व वार्ड 15 से महावीर उर्फ लीला और वार्ड 12 से इनेलो पार्षद रुबी ने सफाई कर्मियों को जायज बताया है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती तब तक वह कर्मचारियों के साथ है। हड़ताल के कारण शहर में गंदगी के ढेर लगे हुए है। पिछले कई दिनों से सफाई न होने के कारण गली मोहल्लों सहित बाजारों में गंदगी के ढेर लग गए है। नालियां की सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। गंदगी बढ़ जाने से मक्खी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। जिससे बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है। हड़ताल के चलते कस्बे के निवासी और राहगीर भी परेशान है। गंदगी के पास से निकलते समय काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। कस्बे में मेन बाजार, बस स्टैंड, गर्वमेंट मॉडल स्कूल, बीईओ ऑफिस, पुराना बस स्टैंड पर कूड़े के ढेर लगे हुए है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें इस कूड़े से निजात दिलवाई जाए। इस मौके पर सदानंद ठेकेदार, मोहन, पवन, मुकेश, रमन, सोमबीर, सतीश, सुनील, अनिता, गुड़ी, पूजा, साहबली, लज्जो, मीरा, कांता, रेणु, सुंजीत 60 कर्मचारी हड़ताल पर है।
पार्षद बोले- सरकार को जायज मांगें मान लेनी चाहिए
महम | हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों को महम नगर पालिका के तीन पार्षदों ने शुक्रवार को समर्थन दे दिया। उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों से मिलकर कहा कि वह उनके साथ हैं। सरकार को उनकी जायज मांगें मान लेनी चाहिए। समर्थन देने वाले तीनों पार्षद अनिल चावरिया, बंटी व रमेश दहिया भाजपा समर्थक हैं। सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा के सह सचिव बिजेंद्र बैनीवाल व महम ब्लाक संघ के प्रधान रायसिंह नेहरा ने बताया कि सरकार हड़ताली कर्मचारियों की बात नहीं सुन रही। उन्होंने सोनीपत व रोहतक में सफाई कर्मचारियों पर किए लाठी चार्ज की निंदा की। इस दौरान पशुपालन विभाग से दलबीर कलसन, बिजली से बलजीत पान्नू ,सिंचाई से राजेन्द्र, नगरपालिका व अग्निशमन से संजय, जितेन्द्र, सतीश, शीलू, भतेरी, प्रकाशी, संतोष आदि ने भी अपने विचार रखे।
हवा के साथ मकान और दुकानों में घुस रहा कचरा
सांपला | सफाई कर्मचारियों का धरना शुक्रवार को आठवें दिन में प्रवेश कर गया। सफाई कर्मचारियों ने धरने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया। सफाई नहीं होने और तेज हवा चलने के बाद हालत बदतर होते जा रहे हैं। हवा के साथ कचरा दुकानों व मकानों में पहुंच रहा है। सड़कों पर रखे बड़े कूड़ेदान कचरे से भर चुके है। वहीं मेन बाजार में अधिक गंदगी फैली हुई है। बाजार में दुकानदार के साथ-साथ आने वाले लोगों भी गंदगी से निकलने वाली बदबू से परेशान है। सफाई कर्मचारियों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि वह तब तक धरना समाप्त नहीं करेंगे जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती।