बसपा का कोई जनाधार नहीं और इनेलो भी प्रभावहीन हो चुकी है: कुमारी सैलजा
राज्यसभा सदस्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा की राजनीति में इनेलो-बसपा का गठबंधन बेअसर रहेगा क्योंकि बसपा का कोई जनाधार ही नहीं है और इनेलो भी प्रभावहीन हो चुकी है।
कुमारी सैलजा मंडी कालांवाली दौरे के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता केशव गोयल के आवास पर मीडिया से रूबरू हो रही थीं। उनके साथ पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, कांग्रेस नेता जग्गा सिंह बराड़, शीशपाल केहरवाला, पूर्व पालिका प्रधान तरसेम स्टार, ओमप्रकाश लुहानी सहित अन्य कार्यकर्ता भी थे। सैलजा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है और प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। लोगों में दहशत का माहौल है। हर वर्ग के लोग दुखी हैं। किसानों को न फसलों के उचित भाव मिल रहे हैं और न ही जरूरत अनुसार बिजली-पानी मुहैया हो रहा है। अपराध ग्राफ में इजाफा होता जा रहा है।
कांग्रेस गुटबाजी के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में सैलजा ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन कांग्रेसी एकजुट हैं और 29 अप्रैल की दिल्ली रैली में हरियाणा के सभी कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता बढ़चढ़ कर भाग लेंगे।