पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहर की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कराने की मांग को लेकर दुकानदारों ने दिया धरना

शहर की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कराने की मांग को लेकर दुकानदारों ने दिया धरना

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दस सालों से खस्ताहाल है देसूमलकाना रोड

भास्कर न्यूज | कालांवाली

शहर की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत किए जाने की मांग को लेकर गुस्साए दुकानदार व अन्य लोग सोमवार को सड़क पर उतर आए। रेलवे फाटक से लेकर देसूमलकाना रोड तक के दुकानदारों ने पंजाब बस स्टैंड रोड पर टैंट लगाकर धरना देते हुए नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इससे सड़क पर यातायात जाम हो गया। करीब तीन घंटों के बाद एसडीएम आए और उन्होंने आश्वासन दिया तब जाकर धरनारत लोग जाम खोलने के लिए सहमत हुए। जाम खुलने के बाद इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों ने राहत महसूस की।

प्रदर्शनकारियों ने जाम खुलवाने आए एसडीएम बिजेंद्र सिंह हुड्‌डा को खूब खरीखोटी भी सुनाई। दुकानदारों में शामिल मंगत हस्सू, ओमप्रकाश लुहानी, मंगत नागर, शंटी बांसल, रोहित जिंदल, गैवी गर्ग, करण गर्ग, रवि गोयल, मनोज गर्ग, रोहित सिंगला, आशु जिंदल, हैप्पी अरोड़ा, दर्शन गर्ग, मोहन छांगा, प्रेम और जगतार सिंह ने बताया कि करीब दस बरसों से रेलवे फाटक से लेकर देसूमलकाना रोड खस्ताहालत में है। दिन भर धूल उड़ती रहती है। इस वजह से इस रोड पर दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित होता रहता है। अक्सर दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। तेज गति से जाने वाले वाहनों के टायरों से पत्थर उछलकर दुकानों में गिरते हैं जिससे कई बार कुछ दुकानों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं और कुछ ग्राहक घायल भी हुए हैं। जब गेहूं की स्पेशल लोडिंग होती है तो सड़क पर जाम लगा रहता है। प्रशासनिक अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन किसी ने भी ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन की ओर से जल्द सड़क का निर्माण नहीं करवाया गया तो संघर्ष तेज करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

एसडीएम और तहसीलदार ने दिया आश्वासन

एसडीएम बिजेंद्र सिंह हुड्‌डा और तहसीलदार छोटू राम ने धरनारत दुकानदारों से बातचीत की। एसडीएम ने नगरपालिका के जेई सुरेंद्र सिंह को मौके पर बुलाया और सड़क निर्माण से संबंधित जानकारी ली। जेई ने कहा कि सड़क निर्माण संबंधी फाइल उच्चाधिकारियों को भेजी हुई है। टैंडर जारी किए जाने हैं। बाद में एसडीएम ने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण के लिए जल्द टैंडर लगाए जाएंगे। इस बीच एक हफ्ते तक खाली ट्रक देसू मलकाना रोड से निकाले जाएं और सड़क पर दिन में दो बार पानी का छिड़काव भी कराया जाए ताकि धूल न उड़े। धरने के दौरान हलोपा नेता निर्मल सिंह मलड़ी, कांग्रेस नेता शीशपाल केहरवाला और पार्षद संदीप वर्मा ने भी दुकानदारों की मांग का समर्थन दिया।

खबरें और भी हैं...