भीषण गर्मी के चलते नगर में जलसंकट गहराने लगा है। लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नगर में स्थित कर्मचारी कॉलोनी के रहवासी कई माह से भीषण जल संकट का सामना कर रहे हैं। सप्ताह में एक बार मात्र 30 मिनट के लिए कॉलोनी में जल प्रदाय किया जा रहा है। इस कारण कॉलोनी वासियों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसी के चलते वार्ड 4 एवं 5 के रहवासियों ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर सीएमओ को जल समस्या के निराकरण के लिए ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि पिछले साल कॉलोनी में सात से आठ टैंकरों के माध्यम से जल प्रदाय किया जाता था। वर्तमान में एक या दो टैंकर पानी संपवेल में डाले जा रहे हैं। इस कारण यहां 1 सप्ताह में मात्र 30 मिनट जल प्रदाय हो रहा है। वहीं सार्वजनिक नलों में दिन भर में मात्र एक समय है 30 मिनट जल प्रदाय किया जा रहा है। जिससे यहां स्थित 500 घरों में पीने के पानी की पूर्ति भी नहीं हो पाती है।
इस समस्या को ध्यान में रखते हुए टैंकर परिवहन से टैंकर की संख्या बढ़ाई जाए। वहीं सार्वजनिक स्थलों में दिन भर में 2 बार से अधिक जल प्रदाय किया जाए ताकि सभी घरों को पीने का पानी मिल सके। ज्ञापन देने वालों में घनश्याम अग्रवाल, नाथू सिंह परमार, अजय मीणा, अंशु श्रीवास्तव, लोकेंद्र विजयवर्गीय, शैलेंद्र पांडे आदि उपस्थित थे।