बेहोश मिला बालक, सीहोर रैफर
होश में आने के बाद होगा घटना का खुलासा
भास्कर संवाददाता | कालापीपल
नई मंडी कमेटी रोड पर बुधवार शाम 12 वर्षीय बालक गंभीर हालत में पड़ा मिला। खबर मिलते ही सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची डायल 100 बालक को अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंची। सूत्रों के अनुसार उसके शरीर पर गंभीर चोट भी है। बताया जा रहा है कि बालक उदयपुर निवासी मूर्ति बनाने वाले का बेटा है। वह इस स्थिति में यहां कैसे पहुंचा, इसका खुलासा उसके होश में आने के बाद ही लग सकेगा।
सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मंडी कमेटी के पास स्थित ग्राउंड पर बालक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। पुलिस ने उसको अस्पताल में भर्ती कराया। बालक की पहचान मनोज पिता रूपेश निवासी उदयपुर राजस्थान के रूप में हुई। पुलिस ने खोजबीन कर पिता को ढूंढा तथा बालक को सीहोर अस्पताल के लिए रैफर किया। बताया जाता है कि रूपेश मूर्ति बनाने का कार्य करता है तथा मनोज उसके साथ ही काम करता था। बालक के शरीर पर कुछ चोट के निशान भी हैं। बालक के होश में आने के बाद ही वास्तविक स्थिति का पता चल पाएगा।
नगर में ही मूर्ति बनाने का काम करता है पिता- राजस्थान के उदयपुर का रहने वाले रूपेश की जब पुलिस ने पड़ताल की तो वह अपने परिवार के साथ कालापीपल में ही मूर्तियां बनाकर बेचने का काम कर रहा था। सूत्रों के अनुसार रूपेश की प|ी बाहर चली गई थी। इसी दौरान मनोज कब गायब हो गया, पता नहीं चला।