श्रीराम मेडिकल हाल से हजारों की नकदी तथा लाखों का सामान चोरी
गत रात्रि कैंची चौक स्थित श्रीराम मेडिकल हाल से चोर लाखों रुपये की दवाई, कुछ सामान व हजारों रुपये की नकदी चुरा ले गए। श्रीराम मेडिकल हाल के मालिक सुखदेव सिंह ने बताया कि गत रात्रि करीब साढ़े 9 बजे वह अपनी दुकान ठीक से बंद करके गया था। मंगलवार सुबह जैसे ही दुकान खोली तो दुकान में सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था व कुछ सामान गायब था। दुकान का जायजा लेने पर पता चला कि चोरों ने दुकान में सेंधमारी कर सामान चोरी किया है। चोरी की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ललीत मोहन के निर्देश पर हिस्म सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा बारीकि से मुआयना किया। मौके पर जिस प्रकार की स्थिति पाई गई उसके अनुसार चोरों ने पीछे की ओर से प्रवेश करने के लिए लकड़ी की सीढ़ी का प्रयोग कर तीसरी मंजिल की छत पर पहुंचे तथा लोहे के गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पीड़ित सुखदेव सिंह ने बताया कि जिस प्रकार से चोरी की गई है, उससे लगता है कि इसे अंजाम देने वाले व्यक्तियों में दवाइयों के जानकार हो सकते हैं। चोर उसकी दुकान से जहां 32 हजार रुपए की नकदी के साथ-साथ पतंजली देशी घी, डाबर कंपनी की स्वर्ण भस्म युक्त आदि महंगी दवाइयां, 2 एलईडी के अलावा करीब 3 लाख का रुपए का कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुखदेव ने बताया कि दुकान के ऊपरी हिस्से में बहुत ही कम लोगों का जाना होता है। चोर सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क व एलईडी सहित अन्य सामान चुरा ले गए ताकि चोरी किए जाने का कोई भी सबूत दुकान में न रहे।
शिकायत के आधार पर अमल में लाई जा रही है कार्रवाई: ललीत मोहन :थाना प्रभारी ललीत मोहन ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही जहां पुलिस मौके पर पहुंच गई थी वहीं फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ को भी बुलाया गया था। पुलिस व फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ सतीश कुमार ने मौके पर पहुंचकर कई स्थानों से साक्ष्य जुटाए। नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जाएगा ताकि चोरी की वारदात देने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
कलायत| चोरों द्वारा तीसरी मंजिल पर चढ़ने के लिए लगाई गई सीढ़ी।