मिठाई और जूस की दुकानों में चोरी करने के बाद स्टूडियो में आग लगाई
कैंची चौक पर स्वीट्स हाउस और फौजी जूस कॉर्नर में चोरी हो गई। वहीं साथ लगता शीतल डिजिटल स्टूडियो जलकर राख हो गया। स्टूडियो संचालक मटौर निवासी बलराज सिंह ने अंदेशा जताया कि चोरों ने ही आग लगाई।
बलराज सिंह के मुताबिक रात के समय वह स्टूडियो को बंद करके गए थे। तड़के साढ़े 3 बजे किसी ने यहां आग लगने की सूचना दी। पुलिस व दमकल के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्टूडियो राख हो गया था। बलराज ने बताया कि स्टूडियो में आग लगने की कोई वजह सामने नहीं आई बल्कि यह चोरों का ही काम हो सकता है। उन्होंने पड़ोस की दुकान से जब ऊपर जाकर देखा तो उनकी छत पर लगे गेट का दरवाजा भी खोला हुआ पाया। इस संबंध में चोरी व दुकान में आग लगाने की शिकायत पुलिस को दी गई है। वहीं स्वीट्स शॉप संचालक सोनू पिंजूपुरा ने बताया कि दुकान से नकदी व मिठाई चोरी हुई है।
फौजी जूस कॉर्नर के संचालक कलायत निवासी जगबीर सिंह के मुताबिक चोर दुकान में रखे फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक, जूस व गल्ले से नकदी ले गए। कैंची चौक के दुकानदारों का कहना है कि पहले पुलिस पीसीआर चौक पर रहती थी लेकिन अब हाइवे पर ही खड़ी रहती है।
दुकान में चोरी के बाद लगाई आग से जला सामान।