अनाज मंडी स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की कलायत शाखा से एक उपभोक्ता के खाते से धोखाधड़ी कर करीब 1 लाख 48 हजार रुपए की चपत लगाने वालों के खिलाफ करीब 3 सप्ताह बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर उपभोक्ता ने परिवार के साथ बैंक के पास धरना दिया। पुलिस जांच अधिकारी शिवकुमार व बैंक कर्मचारियों के आश्वासन पर पीड़ित व परिवार ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम देकर धरना समाप्त कर दिया।
राजेश कुमार ने बताया कि उसका अनाज मंडी स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की कलायत शाख में सेविंग खाता है। 18-20 दिन पूर्व उसके मोबाइल पर अनजान व्यक्ति का फोन आया और कहा कि मैं स्टेट बैंक आफ इंडिया से बोल रहा हूं एटीएम चालू रखना चाहते हैं तो अपने 16 अंकों का नंबर बताएं। राजेश के मुताबिक उसने एटीएम का नंबर बता दिया। उसके उपरांत 10 मई को दोबारा फोन आया तो उसने पेन कार्ड व आधार कार्ड की कापी मोबाइल नंबर पर भेजने को कहा। उसने बताया कि संदेह हुआ तो बैंक जाकर उसके खाता नंबर 55142727661 की जांच करवाई तो पता चला कि उसके खाते में जमा 1 लाख 47 हजार 822 रुपए की राशि निकाली जा चुकी है। राजेश ने बताया कि 12 दिन पूर्व एफआईआर दर्ज करवाने तथा 17 मई को सीएम विंडो पर शिकायत करने व बैंक कर्मचारियों को इस बारे पूरी तरह से अवगत करवाने उपरांत आश्वासनों के अलावा कोई करवाई नहीं की गई। राजेश की विधवा माता सुनीता ने बताया कि 12 वर्ष पूर्व उसके पति मौत हो गई थी। तब से पूरे परिवार की जिम्मेवारी राजेश पर थी। दिहाड़ी मजदूरी कर जो कुछ जोड़ा था वह राशि इसी बैंक में जमा थी।
साहब को अभी तक नहीं पता मामला : स्टेट बैंक मैनेजर राजेश खन्ना ने 4 दिन पूर्व दिया वही जवाब दिया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। आज सोमवार को ही राजेश द्वारा लिखित शिकायत दी गई है कार्रवाई की जाएगी।
साइबर सेल में ट्रेस किए जा रहे हैं नंबर: जांच अधिकारी : जांच अधिकारी एएसआई शिवकुमार ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर गंभीर है। राजेश के पास जिन मोबाइल नंबरों से फोन आया है उन्हें ट्रैस करने के लिए साइबर सैल की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने परिवार के साथ धरना देता ठगी का शिकार युवक।