भास्कर न्यूज|रायपुररानी/बरवाला
इनेलो एवं बहुजन समाज पार्टी की रायपुररानी ब्लॉक कार्यकर्ता मीटिंग शनिवार को प्यारेवाला के एक निजी मैरिज पैलेस में आयोजित हुई। जिसमें ब्लॉक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में पहुंचे हुए थे। मीटिंग में मुख्य रूप से इनेलो के कालका जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, बसपा के प्रदेश सचिव रामेश्वरदास, बसपा जिला प्रभारी नरंजन नागरा, बसपा जिलाध्यक्ष रोशनलाल कोच्चर, इनेलो जिला मीडिया प्रभारी एसपी अरोड़ा मुख्य वक्ता थे।
मीटिंग में पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि आज भाजपा सरकार के राज से हर वर्ग दुखी है, क्योंकि आज रात को बिजली की कटौती के कारण लोग परेशान हैं और इसके साथ ही क्षेत्र में पनप रही मक्खियों की समस्या से जीना मुहाल हो गया है। किसानों का भाजपा सरकार शोषण कर रही है, क्योंकि किसानों को जहां फसल बीमा योजना के नाम पर लूटा जा रहा है। पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी और भाजपा के कुशासन से निजात मिलेगी। मीटिंग में जिला प्रभारी नरंजन नागरा और जिलाध्यक्ष रोशनलाल कोच्चर ने भी संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता पर मनमर्जी के फैसले थोप रही है।
आज महंगाई निरंतर बढ़ती जा रही है और रोजाना पैट्रोल-डीजल के दाम लोगों को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम कर रहे है। मीटिंग में इनेलो हलका प्रधान रविन्द्रपाल मैहता, हलका प्रवक्ता प्रदीप मंगला, जिला उपाध्यक्ष रमेश मांधना, जिला परिषद् मैंबर जयसिंह बाड़ीवाला, किसान प्रकोष्ठ जिला प्रधान मान सिंह चरनियां, युवा जिलाध्यक्ष स्वर्ण सिंह सोनू हरयौली, पंचायत संगठन रायपुररानी प्रधान एवं जिला महासचिव इनेलो शरणजीत काका, रामकुमार सैनी, ओमप्रकाश समालखा मौजूद रहे।