छह साल के अंदर कच्चे नाले को पक्का नहीं कर पाया एनएचएआई
लगातार भूमि कटाव भूस्खलन से मकानों को भी खतरा
भास्कर न्यूज|पिंजौर
पिंजौर-कालका बाईपास पर स्थानीय चौना चौक के नीचे बने कच्चे नाले को एनएचएआई द्वारा गत 6 वर्षों में पक्का नहीं किया गया है। गौरतलब है कि अप्रैल2012 में उक्त बाईपास आरंभ हुआ था, उस समय नेशनल हाईवे ने बरसाती पानी और अन्य गंदे नाले के पानी की निकासी के लिए पक्के नालों का निर्माण किया था। लेकिन चौना चौक वाला नाला कच्चा छोड़ने के कारण इसका लगातार बहता हुए पानी से भूमि कटाव हो रहा है जिससे न केवल बाईपास को नुकसान पहुंचा रहा है बल्कि बारिशों में भूस्खलन भी होता है। गत अगस्त माह की तेज बारिश में इसी नाले से पानी बाईपास किनारे बने डंगे को क्रॉस कर सारी मिट्टी हाईवे पर गिर गई थी, जिससे हाईवे बंद हो गया था जिस कारण यहां बने मकानों को भी खतरा पैदा हो गया था। चौना चौक निवासी एडवोकेट कंवरपाल चैहान, एडवोकेट राजकुमार गौरी, ओपी शर्मा, शिवाजी चैहान, दिनेश कुमार, सोमनाथ आदि ने बताया कि उन्होंने कई बार एनएचएआई प्रो. डायरेक्टर को ज्ञापन भेजे लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कंवरपाल चैहान ने बताया कि दरअसल बाईपास निर्माण के साथ ही इस नाले के निर्माण का भी प्रावधान था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बरसातों से पूर्व इस नाले का निर्माण न किया गया तो वह विभाग के विरुद्ध रोष प्रदर्शन करेंगे और केंद्रीय मंत्री को भी ज्ञापन भेजेंगे। उधर, एनएचएआई कंसल्टेंट परीक्षित शर्मा ने बताया कि प्राकृतिक जल स्रोत के निकासी के लिए हाईवे किनारे नाले बना रखे हैं। बुधवार को मौका देख कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।