तीन दिवसीय गादी तिलक महोत्सव 18 अप्रैल से
कामां | मदन मोहन जी मंदिर में गादी तिलक महोत्सव का तीन दिवसीय आयोजन 18 से 20 अप्रैल तक होगा। 18 को सप्तम निधि के आदि सप्तम पीठाधीश्वर गोस्वामी घनश्यामलाल की गादीजी की स्थापना की जाएगी। इसी दिन रात्रि को श्री मदनमोहन प्रभु के भव्य अलौकिक मनोरथों के दर्शन का आयोजन किया जाएगा। वहीं 19 अप्रैल को शाम 7:00 बजे श्री मदन मोहन प्रभु के भव्य और अलौकिक केले के बंगले के मनोरथ का आयोजन मंदिर के मुख्य चौक में किया जाएगा।
जिसकी सजावट के लिए मथुरा वृंदावन के सैंकड़ों कारीगर अभी से मदन मोहन जी मंदिर में आ चुके हैं। 20 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे गोस्वामी श्री बृजेश कुमार जी महाराज का सप्तम पीठाधीश्वर के रूप में गादी तिलक महोत्सव का आयोजन प्रारंभ होगा जिसमें पूरे भारतवर्ष के अनेक गोस्वामी बालक और धर्माचार्य वैष्णव भाग लेंगे। शाम को 4 बजे से श्री मदन मोहन प्रभु का अलौकिक और भव्य छप्पन भोग के बड़े मनोरथ का आयोजन किया जाएगा।