भरतपुर | जिले में इसी सत्र से प्रारंभ होने जा रहे तीनों नए कालेजों का एफीलिएशन महाराजा सूरजमल ब्रज विश्वविद्यालय से होगा। भरतपुर जिले में नगर, कामां व नदबई तथा धौलपुर जिले में बसेड़ी शामिल हैं। आयुक्तालय ने नगर कालेज के लिए आरडी गर्ल्स कालेज प्राचार्य तथा कामां व नदबई के लिए एमएसजे कालेज प्राचार्य को नोडल आफिसर बनाया है। आयुक्तालय ने शुक्रवार को सभी नोडल ऑफिसरों को आदेश जारी कर संबंधित विश्वविद्यालयों से कालेजों का एफीलिएशन कराने के निर्देश दिए हैं। आरडी गर्ल्स कालेज के प्राचार्य एवं नगर कालेज के नोडल आफिसर प्रो. अशोक बंसल ने बताया कि ब्रज विश्वविद्यालय से एफीलिएशन कराया जा रहा है। प्रथम साल में कला संकाय प्रथम वर्ष के लिए सात विषय हिंदी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र तथा संस्कृत विषय मंजूर हुए हैं। इधर,एफीलिएशन के आदेश आने के बाद यह सुनिश्चित हो गया है कि एक जून से कालेज शिक्षा की प्रस्तावित प्रवेश प्रक्रिया में नए कालेज भी शामिल हो जाएंगे।