कामां। इन दिनों चल रही अधिक मास की पदयात्रा में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग में शनिवार सुबह परिक्रमा कर रही दो गुजराती महिलाओं के साथ थाना क्षेत्र के गांव अंगरावली के निकट एक समुदाय विशेष के युवक द्वारा अश्लील हरकत कर उनके साथ छेड़खानी की गई। घटना की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घटना के प्रति रोष जताते हुए कामां पुलिस को घटना की सूचना देकर परिक्रमा मार्ग में पुलिस गश्त लगाने की मांग की।
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग में सैकड़ों महिला व पुरुष पदयात्रियों के साथ गुजरात की दो महिलाएं भी परिक्रमा कर रही थीं। शनिवार सुबह कामां थाना के गांव अंगरावली स्थित गुडगांव कैनाल पुल के निकट एक युवक द्वारा की गई अश्लील हरकत पर महिलाएं सहम गईं। और उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर एक विश्राम स्थल में शरण ली बाद में और संचालकों को घटना की जानकारी दी। बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सूचना देने पर बजरंग दल के जिला संयोजक रामेश्वर गुर्जर व अन्य मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिलाओं से घटना की जानकारी लेकर कामां पुलिस को अवगत कराया ।और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग मे यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त लगाने की मांग की घटना को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।
कामां थाना अधिकारी नेकी राम चौधरी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए ब्रज चौरासी कोस में यात्रियों की सुरक्षा के लिए गश्ती दल व सिग्मा पुलिस को सुचारू गश्त करने के निर्देश दिए हैं। चौधरी ने बताया कि महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। उल्लेखनी़य है कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा में देश के विभिन्न प्रांतों से लोग परिक्रमा देने के लिए आते हैं। इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र की छवि धूमिल होती है।
कामां. ब्रज परिक्रमा करते पद पदयात्री।