मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि झामुमो एक परिवार की पार्टी रह गई है। झामुमाे सांसद सुनील महतो की हत्या कर दी गई। हत्यारों को पकड़ने और सजा दिलाने में झामुमो नेताओं ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई। माहतो की मां जब मुझसे मिलने आई तो मैंने एनआईए जांच की अनुशंसा की। हाल ही में एनआईए के डायरेक्टर रांची आए, तब उनसे भी कहा कि हत्याकांड में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झामुमो ने अपनी पार्टी के संस्थापक स्व. बिनोद बिहारी महतो को भी कभी सम्मान नहीं दिया। भाजपा ने उनके नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की।
सीएम रविवार को गोमिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी माधवलाल सिंह के समर्थन में खैराचातर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य से 70 प्रतिशत नक्सलवाद खत्म हो चुका है। इस साल के अंत तक नक्सल समस्या को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। पिछले तीन सालों में सरकार ने विकास का कीर्तिमान बनाया है। केवल गोमिया विधानसभा क्षेत्र में 750 करोड़ की योजना पर काम शुरू हुआ है। 2018 तक राज्य के सभी घरों तक निर्बाध बिजली पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इस क्षेत्र में भी बिजली की समस्या दो माह में दूर हो जाएगी। इसके लिए चंदनकियारी व जैनामोड़ में पावर ग्रिड बनाया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि यह चुनाव गोमिया का भविष्य तय करेगा। इसलिए सोच-समझ कर मतदान करें। सरकार की पहली प्राथमिकता जनता के जान-माल की हिफाजत है। राज्य में नक्सलियों को हमने कमजोर कर दिया है। सरकार की सरेंडर पाॅलिसी और पुलिस के जवानों के बल पर राज्य में 70 प्रतिशत नक्सली गतिविधियां खत्म हो गई हैं। शांति और विकास एक-दूसरे का पूरक हैं। हम घर-घर पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था करने की व्यवस्था में लगे हैं। खनिज संपदा की 30 प्रतिशत राॅयल्टी पेयजल पर खर्च की जा रही है।
गिरिडीह सांसद रवींद्र कुमार पांडेय ने कहा कि पैसा से वोट नहीं खरीदा जा सकता। अगर कोई पैसा से वोट खरीदने आता है तो पैसा छीन लें। प्रत्याशी माधवलाल सिंह ने कहा कि 20 साल इस क्षेत्र का विधायक व दो बार मंत्री रहा, लेकिन कभी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। जनता की सेवा पूरे दिल से की है। उन्होंने कहा कि उन्हें मौका मिला तो गोमिया के विकास के सारे अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे। सभा में खिजरी विधायक रामकुमार पाहन, पूर्व विधायक छत्रुराम महतो व अमित यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष जगरनाथ राम, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रह्लाद महतो व डाॅ. प्रह्लाद वर्णवाल, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुणानंद महतो, गणेश मिश्रा, बासुदेव मिश्रा, यदुनंदन जायसवाल, संजय सिंह, प्रताप सिंह, शांतिलाल जैन, छोगालाल सिंह, मनोहर मुंडा, सूरज जायसवाल, मनोज कुमार, सुनील कुमार कपरदार, दिलीप जायसवाल, उपेंद्र जायसवाल, बानेश्वर महतो, आनंद महतो, अनंत महतो आदि मौजूद थे।
कसमार में चुनावी सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री रघुवर दास।
माधवलाल के बयान पर लोगों ने जताया रोष, की नारेबाजी
कसमार | कसमार प्रखंड के खैराचातर में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री रघुवर दास की सभा में भाजपा के प्रत्याशी माधवलाल सिंह द्वारा आजसू प्रत्याशी डॉ. लंबोदर महतो की डॉक्टरेट की उपाधि का मजाक उड़ाए जाने पर स्थानीय लोगों व आजसू कार्यकर्ताओं ने गहरा रोष जताया। लोगों ने कहा कि जो डॉक्टरेट की उपाधि का मतलब नहीं जानते हैं, वे क्षेत्र में शिक्षा का विकास व प्रतिनिधित्व किस तरह करेंगे। लोगों ने कहा कि माधवलाल सिंह ने ऐसा कहकर पूरे क्षेत्र का अपमान किया है। लोगों ने खैराचातर में माधवलाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। मौके पर गुजर रहे पूर्व विधायक छात्रुराम महतो को रोक कर भी विरोध जताया गया। महतो ने भी कहा कि माधववलाल को ऐसा नहीं कहना चाहिए था।