सब जूनियर चैंपियनशिप में कोयलांचल का प्रदर्शन बेहतर
इंटरनेशनल स्कूल, कांके में प्रथम झारखंड राज्य सब जूनियर सेपक टकरा चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें चतरा जिला सेपक टकरा संघ के खिलाड़ी वीरमोहन गंझू, सोनू कुमार गंझू, प्रकाश कुमार, सुनील गंझू व रंजन कुमार ने भाग लिया।
बालक वर्ग के मैच में चतरा ने धनबाद को आठ अंक से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर इंटरनेशनल स्कूल, कांके रहा और प्रथम स्थान पर जगन्नाथपुर धुर्वा की टीम रही। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए धनबाद में 30 मई से 6 जून तक कैंप का आयोजन किया गया है। इसके बाद 8 जून से भुवनेश्वर में आयोजित हो रही राष्ट्रीय सेपक टकरा सब जूनियर प्रतियोगिता में झारखंड की टीमें भाग लेंगी।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि आरके मिश्रा थे, जबकि विशिष्ट अतिथि विनीता तिवारी ने बच्चों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र दिया। खिलाड़ियों की सफलता पर कोच रजी अहमद ने उन्हें बधाई दी।