शहर में 25 हैंडपंप खराब, शिवनगर में तो हैंडपंप को मलबे से पाट दिया
गर्मी का मौसम शुरू होते ही शहर के कई हैंडपंप जवाब देने लगे हैं। वार्डों में हैंडपंप खराब होने से पानी की समस्या बढ़ गई है। शहर भर में 208 हैंडपंप हैं जिसमें से 25 खराब है। इन्हें बनाने ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कुछ वार्डो में तो एक से ज्यादा हैंडपंप खराब स्थिति में है।
शिवनगर में एक साथ चार हैंडपंप खराब हैं, शिवनगर में पहाड़ी पर लगा हैंडपंप सालभर से खराब है। आंग्ल वैदिक स्कूल के सामने लगा हैंडपंप काफी समय से खराब है। एक जगह तो हैंडपंप में मलबा डालकर पाटा जा रहा है क्योंकि हैंडपंप में काफी समय से पानी नहीं आ रहा है। भंडारीपारा वार्ड में दो हैंडपंप खराब हैं। नंदी चौक का हैंडपंप सालभर से खराब है। अघननगर वार्ड में नल से काफी कम पानी आ रहा है।
आधा घंटा पानी भी नल से नहीं मिल पाता। गर्मी में नीचे भाग के साथ ऊपरी भाग में लगे हैंडपंप से भी पानी आना बंद हो गया है। भावसिंग नगर में 50 घर के लिए एक हैंडपंप है जिसमें अभी गर्मी के मौसम में 15 मिनट चलाने पर कुछ देर पानी आता है। अन्नपूर्णापारा स्कूल परिसर में लगा हैंडपंप डेढ़ वर्ष से खराब पड़ा है। हाउसिंग बोर्ड कालोनी का एकमात्र हैंडपंप सालभर से खराब है। पवन नगर का हैंडपंप भी काफी समय से खराब पड़ा है। सिविल लाइन में भी हैंडपंप सालभर से खराब है। आमापारा में राशन दुकान के पास हैंडपंप गत वर्ष से खराब है। अलबेलापारा वार्ड का हैंडपंप भी तीन माह से खराब है।
कांकेर। भंडारीपारा के नंदी चौक पर सालभर से खराब पड़ा है हैंडपंप।
अभी हैंडपंप की ज्यादा जरूरत
भंडारीपारा के देवेंद्र यादव, जोगेंद्र पटेल ने कहा वार्ड में दो हैंडपंप खराब हैं। दोनों को बनाना चाहिए। धर्मपाल डहरे ने कहा इस वर्ष गर्मी शुरू होने के बाद भी हैंडपंप सुधार नहीं किया गया है। भावसिंह नगर की मितानिन उषाकिरण मिश्रा व वार्डवासी देवराज भास्कर ने कहा यहां एक ही हैंडपंप है। इससे निकलने वाला पानी भी पीने योग्य नहीं है।
खराब हैंडपंप को बनाया जा रहा
नगरपालिका उपाध्यक्ष रमशीला साहू ने कहा हैंडपंप शहर में जहां खराब हुआ था वहां तकनीशियन भेज बनाया गया है। कई बार वार्डवासी खराब हैंडपंप की जानकारी नहीं देते। खराब हैंडपंप की जानकारी ली जाएगी। गर्मी में जलस्तर में कमी आने से भी हैंडपंप में पानी नहीं आता।