- Hindi News
- National
- हमेशा दिल से चाहता था 27 जातियों की मात्रात्मक त्रुटियां सुधर जाए और गरीबों को मुफ्त चावल मिल सके: डॉ. रमन
हमेशा दिल से चाहता था 27 जातियों की मात्रात्मक त्रुटियां सुधर जाए और गरीबों को मुफ्त चावल मिल सके: डॉ. रमन
एसटीएससी समाज द्वारा आयोजित आभार कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री रमनसिंह ने कहा मेरे दिल के सबसे करीब योजनाओं में पहले नंबर पर है खाद्यान्न योजना जिसका लाभ प्रदेश के 55 लाख परिवारों को मिल रहा है।
इसके बाद 15 सालों में किसी फैसले से सबसे ज्यादा खुशी मिली तो वो है एसटीएससी की 27 जातियों के मात्रात्मक त्रुटि में संशोधन करना। अजाजजा समाज के लोग मात्रात्मक त्रुटि के चलते जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से परेशान थे। पिछली किसी सरकार ने ध्यान नहीं दिया। भाजपा सरकार ने निर्णय लेकर त्रुटि सुधार किया जिससे 40 लाख परिवारों के जीवन में परिवर्तन आएगा। चार माह में बस्तर का एक भी घर ऐसा नहीं होगा जहां बिजली नहीं होगी। कांग्रेस सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा लगाती रही लेकिन भाजपा ने गरीबों के लिए काम करके दिखाया।
11 फीट ऊंची अंबेडकर प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री ने कलेक्टोरेट के सामने डा भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इसकी ऊंचाई 11 फीट तथा वजन 3 टन है। प्रतिमा का निर्माण सिमेंट, प्लास्टर आफ पेरिस व लोहे की छड़ से किया गया है। ऊपर से इसे मेटल कलर किया गया है। चार माह में बस्तर का एक भी घर ऐसा नहीं होगा जहां बिजली नहीं होगी। भाजपा ने गरीबों के लिए काम करके दिखाया।
मेरी पसंदीदा योजनाओं में पहले नंबर पर है खाद्यान्न योजना : मुख्यमंत्री
कांकेर। अजाजजा के आभार कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री रमन सिंह।
अबूझमाड़ से आने लगी मोबाइल टावर की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा अजाजजा समाज के लोग मात्रात्मक त्रुटि के चलते जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से परेशान थे। पिछली किसी सरकार ने ध्यान नहीं दिया। पहले की सरकारों ने अबूझमाड़ का रास्ता रोक रखा था, भाजपा सरकार ने खोला तो वहां तक विकास पहुंचने लगा है। इसका प्रमाण मिला जब अबूझमाड़ के गांव पहुंचा तो लोगों ने पुल पुलिया, सड़क नहीं बल्कि गांव में मोबाइल टावर की मांग की। ये इस बात का प्रतीक है वहां के लोग भी आगे बढ़ने लगे हैं। जल्द ही सरकार 30 लाख लोगों को स्मार्ट फोन बांटेगी।
...जब सीएम बोले- मेरे पंखे में चूहा घुस गया है
मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान महिलाओं के ठीक ऊपर लगा सीलिंग फैन अनियंत्रित होकर झूलने लगा जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोग पलट कर देखने लगे तो मुख्यमंत्री ने कहा चूहा घुस गया है, आप बैठ जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा सभी लोगों की नजर पंखे पर है, अब वह सुधर जाएगा। कार्यक्रम को शिक्षामंत्री केदार कश्यप, सांसद विक्रम उसेंडी, जीआर राणा, नरेंद्र बेसरे, बलदेव नायक ने संबोधित किया। कार्यक्रम में भोजराज नाग, किरण देव, लता उसेंडी, भरत मटियारा, हलधर साहू, देवलाल दुग्गा आदि उपस्थित थे।
साहू समाज से मिली मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की प्रेरणा
साहू समाज के माताकर्मा जयंती व साहू समाज के शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं हुईं शामिल।
कांकेर| साहू समाज के माताकर्मा जयंती तथा शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री ने कहा पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद साहू समाज के बहुत से कार्यक्रमों में गया तो देखा वहां सामूहिक विवाहों का आयोजन होता था। वहीं से प्रदेश के गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करने प्रेरणा मिली और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना बनाई। मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर मंच से साहू समाज को हास्टल भवन बनाने 20 लाख रुपए देने की घोषणा करते कहा ये पैसे एक माह में ही मिल जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा 2002 में छग की पहचान पिछड़ा तथा पलायन करने वाले प्रदेश के रूप में थी, आज वही छग मजबूती से अपने पैरों पर खड़ा हो चुका है। आज साहू समाज के कार्यक्रम में महिला-पुरूषों की संख्या बराबर है जो इस बात की प्रतीक है की समाज बेहद जागरूक है। इसके पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते शिक्षामंत्री केदार कश्यप ने कहा प्रदेश में कुल 30 नये छात्रावास बने जिसमें 12 पिछड़ा वर्ग के लिए बने हैं। साहू समाज प्रदेशाध्यक्ष विपिन साहू ने कहा माता कर्मा की 1002वीं जयंती है। प्रदेश में एक माह तक गांव से जिलास्तर तक कर्मा जयंती मनाई जाती है। बिहार-झारखंड की तरह छग में भी साहू समाज को अति पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में रखने के साथ नंदलाल हत्याकांड के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।
बिना सोचे-विचारे बंद को समर्थन नहीं देने की अपील
तैलिक महासभा अध्यक्ष डा ममता साहू ने कहा माता कर्मा ने केवल साहू समाज के लिए कार्य नहीं किया बल्कि उन्होंने सभी समाजों में व्याप्त छुआछुत जैसी कुप्रथा के खिलाफ आवाज उठाई थी। समाज के लोगों को कहा किसी भी मोर्चा का बंद हो बिना सोचे समझे हमें समर्थन नहीं देना है। पहले विचार विमर्श करें फिर निर्णय लें। मुख्यमंत्री से साहू समाज के लोगों को संगठन, आयोजन तथा निगम में अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
अपने संसाधनों से आए लोग
समाज के जिलाध्यक्ष गौरीशंकर साहू ने समाज को हास्टल निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए सीएम से मांगते कहा कार्यक्रम में जितने भी लोग आए हैं सभी अपने साधनों से तथा स्वयं अपने भोजन की व्यवस्था के साथ आए हैं। भीड़ लाने एक भी गाड़ी या कहीं भी भोजन की व्यवस्था नहीं की गई ये इस बात का सबूत है की समाज संगठित है। कार्यक्रम को सफल बनाने टीआर साहू, जगन्नाथ साहू, अनिरुद्ध साहू, केआर गजबल्ला, परमानंद साहू, दिनेश साहू, प्रकाश गुरूपंचायन का योगदान रहा।