बच्चों ने गढ़िया पहाड़, राजमहल और पुरानी कचहरी का किया भ्रमण
कांकेर| समर कैम्प उड़ान के प्रतिभागियों को ऐतिहासिक स्थानों का भ्रमण कराया गया। इसमें गढ़िया पहाड़, नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल, राजमहल, भारतीय स्टेट बैंक, पुरानी कचहरी, जिला कार्यालय एवं जिला पंचायत का बच्चों ने भ्रमण किया। सातों ब्लॉक व कांकेर शहरी क्षेत्र के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने सुबह 5.30 बजे जोगी गुफा की ओर से गढ़िया पहाड़ पहुंचे। यहां उन्हें सिंह द्वार , छुरी गुफा, फरसी भाटा, मां शीतला व कंकेश्वरी देवी व भगवान शिव के प्राचीन मंदिर भ्रमण कराकर जानकारी दी गई। इसके बाद नरहरदेव व राज महल से जुड़े इतिहास की जानकारी बच्चों को दी गई। बैंकिंग प्रणाली कार्यशाला के तहत जाने बैंकिंग प्रणाली की जानकारी के लिए बच्चों को भारतीय स्टेट बैंक ले जाया गया। जिला कार्यालय में अधीक्षक के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर, सहायक आयुक्त से बच्चे मिले। जिला पंचायत में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुर्रे ने बच्चों से स्वच्छता से संबंधित चर्चा की।
अंतागढ़ में सीएम की सभा 23 को अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी
कांकेर| विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह जिले के अंतागढ़ में 23 मई को आमसभा को संबोधित कर मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिला पंचायत की सीईओ ऋचा प्रकाश चौधरी एवं अपर कलेक्टर एमआर चेलक को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस अधीक्षक कानून और यातायात व्यवस्था एवं वीआईपी आगमन, पार्किंग रुट चार्ट आदि व्यवस्था देखेंगे। कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके गौर निर्धारित मापदंड के अनुरूप मंच एवं पंडाल का निर्माण, हेलीपेड स्थान में आवश्यक व्यवस्था, कोआर्डिनेट की जानकारी, वीआईपी ग्रीन हाउस में मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था और विभागीय स्टॉल एवं कलाजत्था के लिए मंच एवं अतिरिक्त टेंट की व्यवस्था करेंगे।