सालभर पहले कांप्लेक्स बनाने तोड़े शेड, लेकिन काम शुरू नहीं
कांकेर। पोटाई बाजार शेडों को तोड़ने के बाद उजाड़ पड़ा है।
कांकेर| सालभर पहले शहर के पोटाई बाजार में बने शेडों को कांप्लेक्स बनाने के नाम नगरपालिका ने तोड़ दिया था। अभी तक यहां कांप्लेक्स बनाने काम शुरू नहीं हो पाया जिससे ये बाजार उजाड़ नजर आ रहा है।
शहर के पुराना डेली मार्केट में गोल बाजार बना है जिसे पोटाई बाजार के नाम से जाना जाता है। यहां व्यापारियों के लिए चबूतरों के साथ शेड बने थे। नए बस स्टैंड के पास बाजार शिफ्ट होने के बाद सालभर पहले यहां बने शेडों को तोड़ दिया गया था। तब बताया गया था यहां कांप्लेक्स बनवाया जाएगा। सालभर बाद भी यहां काम्पलेक्स बनाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। दो सालों पहले तक जिस स्थान में हर रविवार और बुधवार बाजार लगता था, भारी भीड़ भाड़ रहती थी वहां आज वीरानगी छाई रहती है। यहां गंदगी पसरी रहती है साथ ही खाली जगह में शराबियों का जमावड़ा भी शाम ढलते ही हो जाता है।
सड़क पर लग रहा बाजार
नगरपालिका सड़क में लगने वाले सब्जी पसरों को नए बाजार में पूरी तरह व्यवस्थित नहीं कर पा रही है। डेली मार्केट के साथ देना बैंक गली में सड़क किनारे ही सब्जी पसरा लगने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है।
सीएमओ बोले- कांप्लेक्स बनाने चल रही प्रक्रिया
नगरपालिका सीएमओ लाल अजय बहादुर सिंह ने कहा पोटाई बाजार में काम्पलेक्स बनवाने प्रकिया चल रही है। पूरे सब्जी बाजार को नया बाजार में शिफ्ट किया जाएगा।