- Hindi News
- National
- लोग नहीं कर रहे ज्यादा पैसे जमा, जिले के 40 में से 25 एटीएम में कैश नहीं
लोग नहीं कर रहे ज्यादा पैसे जमा, जिले के 40 में से 25 एटीएम में कैश नहीं
वर्तमान में शादी सीजन चल रहा है। लोगों को पैसों की जरूरत है। जरूरत के समय पैसे निकालने लोग एटीएम में पहुंच रहे हैं लेकिन एक एटीएम से दूसरे एटीएम भटकना पड़ रहा है। भास्कर ने जायजा लिया तो पाया जिले में कुल 40 एटीएम हैं जिनमें से 25 पैसे नहीं होने से बंद पड़े हैं। जिन गिने चुने एटीएम में पैसे हैं वहां लोगों को लंबी लाइन लगानी पड़ रही है।
बैंक प्रबंधन का कहना है आरबीआई से नोटों की सप्लाई कम आ रही है साथ ही बैंकों में भी लोग पैसे कम जमा कर रहे हैं। कांकेर शहर में तीन दिनो से एटीएम में पैसों की समस्या बनी हुई है। शहर में 25 एटीएम में हैं, 18 अप्रैल को इनमें से 13 एटीएम में पैसे नहीं थे। अक्षय तृतीया पर्व के दिन लोग खरीददारी करना शुभ मानते हैं। खरीददारी करने पहुंचे प्राय: लोग एटीएम में पैसे नहीं मिलने से परेशान नजर आए। आंध्रा बैंक के एटीएम में नो कैश का बोर्ड दोपहर 12 बजे से लग गया। आईडीबीआई बैंक में भी सुबह से कैश नहीं है। यूनियन बैंक के दोनों एटीएम में पैसा नहीं है। देना बैंक में भी कैश नहीं होने के चलते शटर सुबह से ही बंद था। माहुरबंदपारा एक्सिस बैंक एटीएम में सुबह से पैसा नहीं है।कांकेर के पवन कुमार साहू ने कहा शादी के लिए खरीदी करनी है लेकिन पैसों के लिए एक जगह से दूसरे जगह भटकने में ही आधा से ज्यादा समय निकल गया। राजापारा के अभिषेक शुक्ला ने कहा एटीएम में पैसे नहीं मिलने से एक बार फिर नोटबंदी जैसे हालात नजर आ रहे हैं। एचएफडीसी बैंक एटीएम में बेल्ट फंसने की वजह से पैसा नहीं निकल पा रहा था। इलाहबाद बैंक में भी सुबह से तकनीकी खराबी के कारण लोगों को पैसा नहीं मिल पाया। पंजाब नेशनल बैंक में भी तकनीकी खराबी के कारण पैसा नहीं निकल पा रहा था।
आरबीआई से नोट की सप्लाई कम, जिन गिने चुने एटीएम में पैसे हैं वहां लोगों को लंबी लाइन लगानी पड़ रही, जिले में नोटबंदी के समय जैसे हालात बने
कांकेर। एटीएम में पैसे निकालने दिन भर परेशान होते रहे लोग।
पांच दिनों से स्टेट बैंक में भी समस्या
भारतीय स्टेट बैंक में सबसे ज्यादा लोग एटीएम से कैश निकालते हैं। यहां पिछले पांच दिनों से पैसा निकालने को लेकर समस्या हो रही है। मेनब्रांच के एटीएम में तीन काउंटर हैं जिसमे से दो में पैसा ही नहीं है। एकमात्र एटीएम में पैसा निकल रहा था जहां लंबी लाईन लगी रही। स्टेट बैंक के लट्टीपारा एटीएम में पैसा निकल रहा था लेकिन 3 बजे के बाद यहां भी पैसा खत्म हो गया।
ये है एटीएम की स्थिति
स्थान कुल एटीएम बंद एटीएम
कांकेर 25 12
भानुप्रतापपुर 6 5
चारामा 4 4
दुर्गूकोंदल 1 1
अंतागढ़ 1 1
कैश की किल्लत लेकिन हालात नियंत्रण में
भारतीय स्टेट बैंक शाखा प्रबंधक केआर प्रसौरी ने कहा आरबीआई से कैश कुछ दिनो से कम आ रहा है। अभी उतनी समस्या नहीं है कि एटीएम बंद करना पड़ जाए। लोग भी बैंक में ज्यादा पैसा जमा नहीं कर रहे हैं। समस्या का निराकरण करने प्रयास किया जा रहा है।
2 हजार रुपए की समस्या
बैंको के एटीएम से लोगो को 2 हजार के नोट नहीं मिल पा रहे हैं। सिर्फ छोटे नोट ही मिल रहे हैं। बैंक प्रबंधन के अनुसार 2 हजार नोट की सप्लाई नहीं आ रही है। इलाहबाद बैंक शाखा प्रबंधक अंजु कुमारी ने कहा 2 हजार नोट की किल्लत सप्ताह भर से बनी हुई है।