24 घंटे में 5 सड़क हादसे, दो की मौत, आरक्षक समेत नौ घायल
पिछले चौबीस घंटे में जिले में 5 सड़क हादसे हुए जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई, 9 घायल हो गए। इन हादसों में सबसे अधिक यात्री बस चालकों की लापरवाही सामने आई। इनके द्वारा टाइमिंग को मेकअप करने यात्रियों की जान जोखिम में डाल वाहन को सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। इसके चलते ही तीन हादसे हुए। एक बड़ा हादसा टल गया। अन्य हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
शाम पांच बजे बस चालक की लापरवाही के चलते आबकारी विभाग का आरक्षक घायल हो गया। घायल आरक्षक दिलीप खोब्रागड़े ने बताया वे माकड़ी से कांकेर आने महेंद्रा बस में सवार हुए थे। बस का चालक लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार से चला रहा था। टाइमिंग मेकअप करने के चलते सवारियों को भी स्टापेज में नहीं उतार रहा था। नांदनमारा उतरने वाले यात्री को गोविंदपुर में उतारा जिससे बस चालक व हेल्पर से विवाद भी हुआ। इसके बाद जब वे मदर मेरी हास्पिटल के पास उतरने वाहन रुकवाए तो वाहन को धीरे किया और उनके उतरे बिना ही उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इससे आरक्षक नीचे गिर कर घायल हो गया। आरक्षक ने कहा उसकी किस्मत थी कि वे बस के पहिए में नहीं आए, नहीं तो मामला गंभीर हो सकता था। घायल आरक्षक को तत्काल ट्रेफिक पुलिस ने उठाकर इलाज के जिला अस्पताल पहुंचाया।
ट्रैक्टर पलटने से ग्रामीण की मौत : कांकेर थानांतर्गत ग्राम इच्छापुर के निकट बुधवार शाम 6 बजे राड लेकर जा रहे ट्रैक्टर के पलट जाने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हुई।
आतुरगांव के निकट बस की टक्कर से पलटी मेटाडोर। सड़क में बिखरा सिलेंडर।
सिलेंडर नहीं फटने से बड़ा हादसा टला
बुधवार 18 अप्रैल की सुबह 11 बजे आतुरगांव के निकट जगदलपुर से आ रही महेंद्रा ट्रैवल्स की यात्री बस चालक ने सामने चल रही गैस सिलेंडर से भरी मेटाडोर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मेटाडोर वहीं पलट गई। उसमें रखे सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। सिलेंडर में लीकेज नहीं होने से एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे में मेटाडोर चालक को चोटें आई है। बस के यात्री सुरक्षित हैं। मामले की शिकायत अबतक पुलिस में नहीं की गई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
मंगलवार शाम 7 बजे चारामा के माहूद के पास मांं को छोड़कर वापस जा रहे युवक की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। युवक मोहित साहू (47) पिता माखन साहू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
पिकअप पलटी, 6 घायल
नरहरपुर से टेंट हाऊस का सामान लेकर वापस चारामा लौट रही पिकअप वाहन कोचवाही के पास पलट गई। इसमें सवार 6 लोग घायल हो गए। इसमें गंभीर से घायल मुकेश कोरेटी 21 वर्ष निवासी किलेपार को इलाज के लिए कांकेर लाया गया है। पांच घायलों का इलाज नरहरपुर में चल रहा है।