- Hindi News
- National
- उज्ज्वला दिवस पर 15 गांवों में लगाई जाएगी एलपीजी पंचायत, जरूरतमंद परिवारों को बंटेंगे गैस कनेक्शन
उज्ज्वला दिवस पर 15 गांवों में लगाई जाएगी एलपीजी पंचायत, जरूरतमंद परिवारों को बंटेंगे गैस कनेक्शन
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 20 अप्रैल को उज्ज्वला दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम ग्राम स्वराज अभियान का हिस्सा है तथा पूरे देश में मनाया जाएगा। प्रत्येक डीलर अपने क्षेत्र के एक गांव में एलपीजी पंचायत का आयोजन करेंगे। हर कार्यक्रम में 100 नए उपभोक्ताओं को उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके अलावा 500 उज्ज्वला योजना के कनेक्शनधारियों को बुलाकर नियमित गैस का उपयोग करने जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम केे संबंध में उज्ज्वला योजना के कांकेर जिला नोडल अधिकारी अनुज खंडेलवाल ने बताया शासन ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने उज्ज्वला योजना लागू की है। योजना के तहत बड़ी संख्या में गैस कनेक्शन मात्र 200 रुपए में बांटे जा रहे हैं। लोग योजना के तहत गैस कनेक्शन ले तो लेते हैं लेकिन गांवों में बहुत से लोग जागरूकता के अभाव में इसका नियमित उपयोग नहीं कर रहे हैं। महिलाओं को गैस का नियमित उपयोग करने के लिए जागरूक करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। कांकेर जिले में 15 गैस एजेंसियां है तथा प्रत्येक को अपने क्षेत्र के एक गांव में आयोजन करना है। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। प्रेसवार्ता में नंदलाल गुप्ता के अलावा खाद्य विभाग से एमके पाढ़ी तथा एसके ठाकुर उपस्थित थे।
सामुदायिक बैठक है एलपीजी पंचायत : एलपीजी पंचायत एक सामुदायिक बैठक है जो एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एक मंच के रूप में एक दूसरे के साथ बातचीत, आपसी सीखने को बढ़ावा देने और अपने अनुभवों को साझा करने का काम करेगी। प्रत्येक एलपीजी पंचायत का लक्ष्य 500 महिलाओं को एक साथ लाना है ताकि उनको सुरक्षित रूप से एलपीजी का नियमित उपयोग करने जागरूक करना है।
कांकेर जिले में यहां आयोजित होगी एलपीजी पंचायत
जिले में 15 गैस एजेंसियां हैं तथा प्रत्येक एजेंसी द्वारा एक एलपीजी पंचायत का आयोजन किया जाएगा। जिले में कांकेर के भीरावाही, नरहरपुर के माटवाड़ा, कोरर के बारवी, भानुप्रतापपुर के संबलपुर, अंतागढ़ के पोडगांव, पखांजूर के माटोली, कापसी के बड़गांव, अरौद के उड़कुड़ा के अलावा साल्हे, दुर्गूकोंदल, कोयलीबेड़ा, चारामा, ताड़ोकी तथा भैंसासुर में एलपीजी पंचायत का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है।