पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जिले में 46 हजार पंजीकृत मजदूर पर एक को भी नहीं मिला सुरक्षा उपकरण

जिले में 46 हजार पंजीकृत मजदूर पर एक को भी नहीं मिला सुरक्षा उपकरण

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शासन द्वारा ढ़ाई साल पहले मुख्यमंत्री सुरक्षा उपकरण योजना शुरू की गई थी जिसके तहत मजदूरों को सुरक्षा उपकरण देने वादा किया था लेकिन मजदूरों को सुरक्षा उपकरण अभी तक नहीं मिल पाए हैं। भवन निर्माण में लगे मजदूर ऊंचाई में चढ़ जोखिम भरे काम करते हैं। हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। ठेकेदार भी मजदूरों को सुरक्षा उपकरण मुहैया नहीं कराते हैं।

जिले में पंजीकृत भवन निर्माण संनिर्माण कर्मकार मजदूरों की संख्या 26,356 है। पंजीकृत असंगठित कर्मकार 19,800 श्रमिक हैं। योजना के तहत श्रम विभाग से मजदूरों को सुरक्षा उपकरण मिलना है। ऊंचाई में काम करने वाले मजदूरों को हेलमेट के साथ सेफ्टी बेल्ट वितरण करना है। इसके अलावा टोपी, ग्लब्स, मोजा-जूता, हाथ में पहनने दास्ताने भी दिए जाने है। श्रम विभाग तो मजदूरों को सुरक्षा उपकरण नहीं दे रहा है साथ ही इनसे काम कराने वाले ठेकेदार भी मजदूरों को कोई सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराते हैं। प्राइवेट के अलावा सरकारी स्तर में चलने वाले कामों में भी मजदूरों को सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

ये हो चुके हैं हादसे: सालभर पहले नरहरपुर के ग्राम कोचवाही की 22 वर्षीय मजदूर युवती की भवन निर्माण कार्य के दौरान हादसे में मौत हो गई थी। डेढ़ वर्ष पहले भीरावाही में दो मजदूर काम के दौरान गिरकर घायल हो गए थे जिसमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 6 वर्ष पहले एक ग्रामीण युवक की मौत सुभाष वार्ड में नाला निर्माण के दौरान घर की बाउंड्रीवाल की दीवार धसकने से हो गई थी। सभी मामलों में मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे थे।

सफाई कर्मियों को भी नहीं मिले दस्ताने

शहर में काम कर रहे सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण अंतर्गत हाथों में पहनने दस्ताना के साथ मुंह ढंकने मास्क नहीं मिल पाया है। कई बार सफाईकर्मियों को नाली में नीचे उतर काम करना पड़ता है। बिना उपकरण काम करने में परेशानी होती है।

सुरक्षा उपकरण मिलना चाहिए

ग्राम माकड़ी के राजमिस्त्री अनिल जैन, भंडारीपारा के जोहन पटेल ने कहा जब उंचाई में चढ़कर काम करते हैं तब हादसे का खतरा बढ़ जाता है। सुरक्षा उपकरण बेहद जरूरी है। कांकेर की चांदनी सारथी ने कहा मजदूरो के हित में सुरक्षा उपकरण दिया जाना चाहिए।

शीघ्र शासन से सुरक्षा उपकरण मिलने की संभावना

श्रम पदाधिकारी जीडी प्रसाद ने कहा सभी पंजीकृत मजदूरों को सुरक्षा उपकरण शासन से मिलने का है। अभी तक शासन से सुरक्षा उपकरण नहीं पहुंचा है। शीघ्र शासन से सुरक्षा उपकरण मिलने की संभावना है। कब तक मिलेगा, यह नहीं बता सकते।

खबरें और भी हैं...