पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सितरम को 4 हैंडपंप, सामुदायिक भवन व सड़क की सौगात

सितरम को 4 हैंडपंप, सामुदायिक भवन व सड़क की सौगात

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
परलकोट के राजा गैंदसिंग भाऊ की कर्म स्थली सितरम सालों से नक्सली दंश झेल रहा था। इस ऐतिहासिक स्थल में विकास के नाम पर बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं थीं। केवल कुछ साल पहले सोलर प्लेट लगाकर गांव में बिजली पहुंचाने की कोशिश की गई थी, जो महज कुछ दिन चलने के बाद ठप पड़ गई। ग्रामीण बताते हैं कि जिले के अंतिम छोर पर बसे गांव को बस ऐतिहासिक स्थल होने का ही दर्जा प्राप्त है। सुविधा के नाम पर शून्य है।

बीते दिनों धुर नक्सल प्रभावित इलाका कहे जाने वाले इस गांव में कांकेर कलेक्टर टामनसिंग सोनवानी और एसपी केएल ध्रुव अचानक पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए। पहली बार अपने बीच किसी आला अधिकारी को पाकर ग्रामीण खुश दिखे। उन्होंने बुनियादी जरूरत पीने का पानी, गली में चलने के लिए सड़क और लगभग सौ साल पहले बनी माई दंतेश्वरी के स्थान के लिए सामुदायिक भवन की मांग की। इसे कलेक्टर ने तत्काल स्वीकृति प्रदान की और काम चालू करने कहा। सितरम पंचायत के सरपंच अगेंद्र नायक ने कहा पहली बार कलेक्टर, एसपी अपने दलबल संग गांव आए, जिन्हें देखकर ग्रामीणों को भरोसा ही नहीं हुआ कि साल में छह माह दुनिया से कटे रहने वाले इस इलाके में भी प्रशासन पहुंचेगा।

सालों से नक्सली दंश झेल रहे सितरम गांव में पहली बार कलेक्टर और एसपी अमले के साथ पहुंचे।

जिले के अंतिम छोर पर बसे नक्सल गढ़ में पहली बार पहुंचे कलेक्टर व एसपी, बुनियादी सुविधाएं देने का मिला आश्वासन

जहां नक्सली स्मारक था वहां बना है उप स्वास्थ्य केंद्र

सितरम गांव में कई साल तक स्कूल के सामने नक्सलियों ने स्मारक भवन बना रखा था। छोटेबेटिया में पुलिस थाना खुलने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की दस्तक इलाके में बड़ी और नक्सली स्मारक को ध्वस्त कर दिया। आज वहां उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बना है जो बता रहा है कि इलाका अब धीरे धीरे ही विकास की राह पर बढ़ने लगा है। प्रशासन ने जब इलाके में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई तो ग्रामीणों को भरोसा भी दिलाने की कोशिश की। कांटा बांस गांव में, कट गांव, सितरम और छिंदपदर व में अतिरिक्त निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। सितरम के स्कूल पारा, मेला स्थल, कोसुम पारा और पुजारीपारा में हैंडपंप खनन की स्वीकृति प्रदान की। उप स्वास्थ्य केंद्र सितरम में हैंडपंप खनन और टंकी सहित पाइपलाइन विस्तार के लिए दो लाख की स्वीकृति मिली है। सरपंच अगेंद्र नायक ने कहा ग्राम पंचायत सितरम अति संवेदनशील क्षेत्र है। बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी थी। अभी वर्तमान में पेयजल, उप स्वास्थ केंद्र बनकर तैयार है। धीरे-धीरे ही सही पर बुनियादी जरूरतें पूरी हो रही हैं।

एक साथ चार हैंडपंप की मिली स्वीकृति

कलेक्टर ने गांव की समस्याओं को नजदीक से देखा उसी दिन चार हैंडपंप खनन का आदेश लिखित में ग्रामीणों को भिजाया और तत्काल पीने के पानी की समस्या के निदान के लिए हैंडपंप की खुदाई कर दी गई। इसका लाभ भी ग्रामीणों को मिलने लगा है।

खबरें और भी हैं...