कोदाभाट में ट्रांसफार्मर खराब होने से शहर के 6 वार्डों में पानी सप्लाई ठप हो गई थी। रविवार को दोपहर ट्रांसफार्मर खराब है गया था जिसका सुधार नहीं किए जाने को लेकर वार्डवासियों में नाराजगी रही। दूसरे दिन सोमवार को दोपहर बाद ही नलों में पानी आया। सुबह कुछ जगहों पर ही टैंकर से पानी सप्लाई हो पाई। नगरपालिका का कहना है कि विद्युत विभाग को जानकारी दी गई थी। वहीं विद्युत विभाग द्वारा पालिका से किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं मिलने की बात कही गई।
ग्राम पंचायत कोदाभाट में लगे संपवेल पंप से शहर के कई वार्डों में पानी की सप्लाई होती है। यहां लगा ट्रांसफार्मर रविवार को दोपहर खराब हो गया। तुरंत सुधार नहीं होने से शहर के 6 वार्ड के नल में पानी नहीं आया और पानी के लिए लोग भटकते रहे। इसमें राजापारा, शांतिनगर, जनकपुर, कंकालिन पारा, बरदेभाठा व एमजी वार्ड शामिल हैं। रविवार शाम को वार्डोंं में पानी की सप्लाई नहीं की गई। दूसरे दिन सोमवार को जब पार्षदों ने टैंकर नहीं भेजने को लेकर विरोध जताया तो प्रभावित वार्डो में सुबह के समय टैंकर भेजा गया और ट्रांसफार्मर का सुधार किया गया। टिकरापारा वार्ड से शकुन यादव, सुकारो जुर्री, संतोषी ठाकुर, रोहित यादव ने कहा कि अभी दो दिन तक नल में पानी नहीं आया है। इसी तरह से कई बार नल में पानी नहीं आता है। इससे पानी को लेकर काफी समस्या होती है। राजापारा वार्ड के छन्नु सोनी, सपना डे ने बताया कि नल में पानी नहीं आने से टैंकर से पानी मिला। दोषिका यादव, संगीता देहारी, रीना देहारी व लक्ष्मी देहारी ने कहा कि नल में पानी नहीं आने से काफी दिक्कत हुई है। पानी के लिए भटकना पड़ा। उनके तरफ टैंकर ही नहीं पहुंचा।
कांकेर. वार्डों में सोमवार को टैंकर से की गई सप्लाई के दौरान पानी के लिए लाइन लगाए लोग।
तुरंत ट्रांसफार्मर को बनाना था
राजापारा वार्ड के पार्षद पप्पु मोटवानी ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर में तुरंत सुधार नगरपालिका के कर्मचारियों को कराना था लेकिन ट्रांसफार्मर को सुधार नहीं किया गया। कंकालिन पारा वार्ड के पार्षद उत्तम यादव ने कहा कि संपवेल के ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। नगरपालिका को तुरंत ऐसे समय में विद्युत विभाग में जानकारी देकर बनाना चाहिए। ऐसे वार्ड में दूसरे दिन टैंकर भेजकर पानी सप्लाई की गई है।
ट्रांसफार्मर को बना दिया गया है
विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री एलएन टेकाम ने कहा खराब ट्रांसफार्मर के संबंध में नगरपालिका से जानकारी नहीं मिली थी। जानकारी होने पर ट्रांसफार्मर को बनवा दिया गया।