टमाटर की कीमतें गिरीं, उपभोक्ता खुश, किसान परेशान
टमाटर के बम्पर उत्पादन के चलते कीमत में तेजी से कमी आने से उपभोक्ता तो खुश नजर आ रहे हैं लेकिन टमाटर की फसल लगाने वाले किसानों को भारी नुकसान बना हुआ है। टमाटर की कीमत चिल्हर बाजार में 3 रुपए किलो हो गई है।
रविवार को कांकेर साप्ताहिक बाजार में सुबह से दोपहर तक चिल्हर में 10 रुपए में ढ़ाई किलो टमाटर बिका। शाम के समय टमाटर तीन रुपए किलो तक बिकने लगा था। गत माह टमाटर की कीमत 10 रुपए किलो थी।
टमाटर के भाव में गिरावट से ग्राहकों को तो फायदा हुआ लेकिन किसानों को नुकसान हो रहा है। इस वर्ष बड़ी संख्या में जिले में किसानोंं ने टमाटर फसल लगाई थी। किसानों का कहना है टमाटर फसल लगाने की लागत तक नहीं निकल पा रही है।
बम्पर उत्पादन
टमाटर की कीमत चिल्हर बाजार में 3 रुपए किलो हो गई है, किसान बोले- लागत तक नहीं निकल पा रही है
मवेशी को चरा दी टमाटर फसल
चारामा नाकापारा के किसान राजेश सोनकर ने कहा डेढ़ एकड़ में रबी फसल में टमाटर लगाया। कीमत एकाएक कम होने से फायदा तो दूर लागत तक निकल नहीं पा रही है। टमाटर तोड़ने मजदूर तक नहीं मिल पा रहे हैं। एक एकड़ टमाटर फसल तो मवेशियों को चरा दिया। ग्राम गढ़पिछवाड़ी के मधुराम पाल ने कहा टमाटर की कीमत इतनी कम होने से भारी नुकसान हुआ है। एक एकड़ में टमाटर लगाने पर 40 हजार लागत आई लेकिन अब लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।
कांकेर। बम्पर उत्पादन के चलते टमाटर की कीमतें गिरी।