भोलेनाथ रोड के निगम स्वामित्व के भवनों को रिक्त किए जाने के आदेश
भोलेनाथ रोड के निगम स्वामित्व के भवनों को रिक्त किए जाने के आदेश
देवास | मिल रोड भोलेनाथ काॅलोनी में निगम के स्वामित्व के भवनों को रिक्त करने के आदेश दिए गए हैं। ऐसे कर्मचारी जिन्हें सेवा में रहते भवन आवंटित किए गए थे, किंतु कई कर्मचारी सेवानिवृत्त तथा दिवंगत होने से उनके परिवार कई वर्षो से निवास कर रहे हैं। इनको कई बार सूचना पत्र दिये जाने के पश्चात भी भवन रिक्त नहीं किए गए है। ऐसे कर्मचारियों के भवनों को रिक्त किए जाने हेतु निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान द्वारा निगम कार्यपालन यंत्री कैलाश चौधरी के नेतृत्व में दल गठित कर भवनों को रिक्त करवाने के निर्देश जारी किए गए।
गर्मी ने किया हलाकान, कन्नाैद में पारा 44 पर, देवास में रात का तापमान 31 पार
देवास/ कन्नौद | जिले में मंगलवार को कन्नौद में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दोपहर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंच गया। दोपहर 12 से 3 बजे तक हर कोई छांव की तलाश करता दिखा। बहुत आवश्यक कार्य होने पर ही लोग अपने घर से निकल रहे हैं। शाम 5 तक भी गर्म लपटें चल रही थी। अंचल के अन्य क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। देवास शहर में तापमान 35.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जबकि रात का तापमान 31.2 तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी अभी दिन-प्रतिदिन और बढ़ेगी।
किसान आज भी बेच सकते हैं अपनी उपज
देवास | 10 अप्रैल से शासन द्वारा समर्थन मूल्य के तहत चना मसूर और सरसों की खरीदी प्रारंभ की गई थी पर 11 अप्रैल से मैसेज मिलना प्रारंभ हुए थे इसलिए किसान वंचित रह गए। शासन ने ऐसे किसानों को जो 11 से 16 अप्रैल तक किसी कारण से मैसेज मिलने के बाद भी अपनी उपज बेचने नहीं पहुंच पाए। ऐसे किसानों को 18 अप्रैल तक का समय दिया गया है। वे किसान जो उपज बेचने से वंचित रह गए हैं वे 18 अप्रैल तक बेच सकते हैं।
केपी कॉलेज में चार नकलची पकड़ाए
देवास | केपी कॉलेज में मंगलवार को चार नकलची पकड़े गए। मंगलवार को सुबह की पारी में बीए प्रथम वर्ष का सामाजिक विज्ञान का पेपर था जिसमें 908 छात्र संख्या दर्ज थी, 834 उपस्थित रहे। 74 अनुपस्थित रहे। सुबह 8 से 9 बजे के बीच अलग-अलग कक्षों मे वीक्षकों ने चार नकल प्रकरण बनाए। टीम द्वारा नकलचियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।