विवाह गठबंधन में बंधेंगे कई युगल
कन्नौद| बुधवार 18 अप्रैल अक्षय तृतीया पर नगर तथा अंचल में शादी समारोह की धूम रहेगी। नगर के सारे मैरिज गार्डन एवं धर्मशाला पहले से ही बुक हो चुके हैं। अनेक परिवार ऐसे हैं, जिन्हें गार्डन एवं धर्मशाला नहीं मिलने से अपने घर के सामने टेंट लगाकर ही आयोजन करना होगा। कन्नौद क्षेत्र में अनेक समाज के सामूहिक विवाह आयोजन भी होते हैं। इसी कड़ी में जाट समाज का सामूहिक विवाह समारोह नगर सतवास में 18 अप्रैल को आयोजित होगा। इसी प्रकार ग्राम ननासा में गुर्जर समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन 20 अप्रैल को होगा। जबकि मालवीय सेन समाज का सामूहिक विवाह 20 अप्रैल को नेमावर में होगा। लग्नसरा का समय होने से बाजारों में भी भारी भीड़ उमड़ रही है। खास कर बर्तन, ज्वेलरी एवं कपड़ों की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।