- Hindi News
- National
- मुख्यमंत्री 19 काे देवास आएंगे, तैयारी तेज, पुलिस परेड ग्राउंड में होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री 19 काे देवास आएंगे, तैयारी तेज, पुलिस परेड ग्राउंड में होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री 19 काे देवास आएंगे, तैयारी तेज, पुलिस परेड ग्राउंड में होगा कार्यक्रम
देवास | कलेक्टर डॉ. श्रीकांत पांडेय ने बुधवार देर शाम को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के 19 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। असंगठित श्रमिक वर्ग से जुड़े कार्यक्रम में सीएम शामिल होंगे, सम्मेलन पुलिस परेड ग्राउंड पर होगा। कलेक्टर ने बताया संभागायुक्त तथा आईजी उज्जैन द्वारा गुरुवार दोपहर में तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में हितग्राहियों को लाने-ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था के संबंध में जिला परिवहन अधिकारी करेंगे। हितग्राहियों के भोजन एवं पेयजल व्यवस्था के लिए कहा।
नकलन में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी सगे भाईयों को जेल भेजा
देवास | बीएनपी थाना क्षेत्र के गांव नकलन में छेड़छाड़ की आशंका के बाद सोमवार रात की गई दो लोगों की हत्या के आरोपियों को जेल भेजा गया है। पुलिस ने बताया छेड़छाड़ की आशंका के बाद युवक के पिता राधेश्याम और मौसा इंदरसिंह मोहम्मदखेड़ा पर आरोपी कमल नाथ और आनंदी नाथ ने सब्बल-चाकू से हमला कर दिया था। इससे राधेश्याम और इंदरसिंह की मौत हो गई थी। पुलिस ने कमल और आनंदी दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेजा गया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेशसिंह आज आएंगे
खातेगांव | भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सांसद राकेशसिंह 17 मई को इंदौर से देवास जिले से होकर होशंगाबाद पहुंचेंगे। भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र चौधरी ने बताया कि देवास जिले में विभिन्न स्थानों पर होते हुए ग्राम कालापाठा से खातेगांव विधानसभा में प्रवेश करेंगे। विधायक आषीष शर्मा के नेतृत्व में हतनोरी, बिजवाड, कलवार, कन्नौद, ननासा, खातेगांव, संदलपुर, पिपल्यानानकर, बोरदा ग्राम में कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। देवास जिले के प्रवास के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोपीकृष्ण व्यास भी साथ रहेंगे।
मीठा तालाब पर 10 लाख में घाट का काम शुरू, रेवाबाग-पठान कुआं में सीमेंटेड सड़क बनेगी
देवास | नगर निगम द्वारा शहर में विकास यात्रा के तहत मीठा तालाब पर 10 लाख की लागत से घाट बनाया जाएगा। इसकी शुरुआत विधायक गायत्री पवार व महापौर सुभाष शर्मा ने की। वार्ड क्रमांक 35 मे 18 लाख की लागत से रेवाबाग, पठान कुआ से पन्नालाल जी के मकान तक निर्मित रोड सीमेंटीकरण होगा। वार्ड में नाहर दरवाजे के पास बस्ती में 3 लाख की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण भी किया नुसरत नगर में 4 लाख 50 हजार लागत से सड़क बनेगी।
मिसेज इंडिया डॉ. रीना मित्तल आज देवास में
देवास | मिसेज इंडिया डाॅ. रीना मित्तल 17 मई को देवास के साई मंदिर में दर्शन करने के लिए अाएंगी। महेश राजपूत ने बताया वे दिल्ली में एम्स हॉस्पिटल में केंसर की डॉक्टर हैं अाैर 2018 का मिसेस इंडिया खिताब जीता थाा। हेमंत मित्तल इंदौर की बेटी हैं। मंदिर में विशेष पूजा रखी गई है। स्वागत भी किया जाएगा।
वुमेन्स सेल्फ डिफेंस एंड डांस ट्रेनिंग कैंप आज से
देवास | महिलाओं एवं लड़कियों को अपराधियों एवं खुद को बचाने के लिये कराते डेवलपमेंट एसोसिएशन देवास द्वारा 17 एवं 18 मई को दो दिवसीय नि:शुल्क वुमेन्स सेल्फ डिफेंस एवं डांस ट्रेनिंग कैंप का आयोजन सृष्टि क्लब में शाम 5 से 7.30 बजे तक किया जाएगा। कोच दीपक बामनिया एवं डांस कोच देवेश रावत अपनी कला से प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराएंगे। शाम 5 से 7 बजे तक सृष्टि क्लब में संपर्क किया जा सकता है।