खुले में रखा है समर्थन मूल्य पर खरीदा 15384 क्विंटल चना
मंगलवार दोपहर बाद कन्नौद में तेज धूल भरी आंधी चली और बादल छा गए। मंडी प्रांगण में समर्थन मूल्य पर खरीदी कर रही विपणन सहकारी संस्था, सेवा सहकारी संस्था कलवार एवं आदिमजाति सेवा सहकारी संस्था कन्नौद का खरीदा गया हजारों क्विंटल चना खुले पड़ा होने से प्रबंधकों की सांसें फूल गई। ताबड़तोड़ तिरपाल की व्यवस्था की। यदि बारिश होती तो हजारों क्विंटल चना खराब हो जाता। विपणन सहकारी संस्था के पास अभी भी 8264 क्विंटल, सेवा सहकारी संस्था कलवार के पास 5323 क्विंटल एवं आदिमजाति सेवा सहकारी संस्था कन्नौद के पास समर्थन मूल्य पर खरीदा गया 1797 क्विंटल चना खुले प्रांगण में रखा है। इस प्रकार आज भी कन्नौद मंडी प्रांगण में परिवहन के अभाव में 15384 क्विंटल चना खुले में रखा है साथ ही खरीदी भी चालू है।
ठेकेदार ब्लैक लिस्टेड
नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विवेक रंगारी के अनुसार कन्नौद मंडी में चने का परिवहन कर रहे ठेकेदार को समय रहते परिवहन नहीं करने के कारण ब्लैक लिस्टेड किया गया है। केडी कंपनी का टैंडर नागरिक आपूर्ति निगम के एमडी विकास नरवाल द्वारा निरस्त कर दिया गया है। कन्नौद मंडी से चना का परिवहन जो देवास किया जा रहा था उसे मंगलवार से कन्नौद के स्थानीय वेयर हाउसों में ही रखा जा रहा है। एक-दो दिन में मंडी प्रांगण में रखा समर्थन मूल्य पर खरीदे गए चने का परिवहन कर लिया जाएगा।
कन्नौद मंडी में खुले में रखा समर्थन मूल्य पर खरीदा गया चना।
बागली मंडी में गेहूं खरीदी के आखिरी दिन आई ट्रॉलियां
भास्कर संवाददाता | बागली
मंगलवार को समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का अंतिम दिन था। बागली मंडी में समर्थन मूल्य की खरीदी हो रही है। गेहूं खरीदी के अंतिम दिन गेहूं विक्रय करने के लिए 12 से अधिक ट्रालियां थी। दोपहर बाद मौसम बदल गया। लगभग 4 बजे के बाद दो से 5 मिनट तक हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे किसान चिंतित हो उठेे। इस दौरान भंडारण के लिए गेहूं का परिवहन भी जारी था। बूंदाबांदी बंद होने के बाद भी बादल छाए रहे। लगभग एक घंटे के बाद फिर बूंदाबांदी हुई।
तुलाई की गति धीमी : खरीदी केंद्र पर हम्मालों की संख्या इन दिनों कम है। कुछ हम्मालों को वेअर हाऊस पर तो कुछ केंद्र पर ही भंडारण के लिए भेजी जाने वाली उपज को ट्रकों में लोड करने में लगे रहते हैं। जिस कारण किसानों की उपज तुलाई की गति धीमी हो जाती है। मंडी प्रांगण के टीन शेड में अब तक भंडारण से शेष कृषि उपज रखी हुई है। इस कारण उसके भीगने की संभावना भी कम है।
मंडी में अंतिम दिन गेहूं खरीदा गया।
तुलाई एक नजर में
खरीदी केंद्र प्रभारी अलकेश पाटीदार और संतोष शर्मा ने बताया अब तक 1100 पंजीकृत किसानों में से 800 ने खरीदी केंद्र पर आकर गेहूं विक्रय किया। जिसमें 53 हजार 900 क्विंटल से अधिक गेहूं खरीदा गया। 49 हजार 355 क्विंटल गेहूं का भंडारण के लिए परिवहन हुआ। इस क्रम में खरीदी केंद्र पर चना, सरसों और मसूर के 1200 पंजीकृत किसान थे। जिसमें से 300 से अधिक किसानों से 11 हजार क्विंटल चना खरीदा गया और 9 हजार क्विंटल चने का भंडारण के लिए परिवहन हुआ।