दो साल बाद भी नहीं हो सका पम्पू तालाब का सौंदर्यीकरण
शहर के 78 एकड़ के रकबे में फैला पानी से लबालब भरा रहने वाला विशाल पम्पू तालाब आज बच्चों के खेल का मैदान बना हुआ है। पूर्व कांग्रेसी विधायक संतोष सिंग सालूजा ने सौंदर्यीकरण के नाम पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बताया कि 2 वर्षों पूर्व इस तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर माइनर इरीगेशन द्वारा 2 करोड़, 43 लाख 40 हजार 841 रुपए का का टेंडर मंजूर कर 2018 मार्च तक कार्य पूर्ण करने आदेश दिया था, लेकिन यह तालाब 2 वर्षों से खेल का मैदान बना हुआ है जिससे जल भंडारण नहीं होने के कारण कुओं का, बोरिंग का जलस्तर लगातार गिरता जा रहा है। उनका मानना है कि इस कार्य के फिर शुरू होने में संदेह है। शहर में पानी का अभाव नजर आने लगा है।
इस मुद्दे को लेकर सालूजा अपने समर्थकों के साथ पम्पू तालाब से रैली निकालकर ओमप्रकाश झरवालिया चौक, इंदिरा चौक और शास्त्री चौक होते हुए पालिका कार्यालय पहुंचे। साथ में खाली मटका लिए महिलाओं ने उसे पालिका कार्यालय के सामने फोड़ा। सालूजा ने पालिका अधिकारी लक्ष्मण सिंग ठाकुर को मुख्यमंत्री के नाम 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
रैली में पूर्व पालिकाध्यक्ष डंबरूधर बेहेरा, तुरेकेला ब्लॉक अध्यक्ष अनु भोई, सुनील दीप, नागे दीप, अनिल अग्रवाल, कांता बंछोर, पूर्व पार्षद धीरू बाबा, सतीश खंडेलवाल, मोहम्मद कासिम इकबाल खान, पवन सोनी आदि मुख्यतः शामिल थे। ठाकुर ने बताया कि यह सही है कि निर्माण अभी बंद है, लेकिन इसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। शहर में जल आपूर्ति के लिए वे सक्रिय हैं। पाइप के अलावा भी 2-2 ट्रैक्टर पानी टंकी के साथ आवश्यकता अनुसार जल आपूर्ति कर रहे हैं।
कांटाबांजी. पूर्व विधायक के साथ रैली निकाल पालिका कार्यालय जाते हुए लोग।