अस्पताल में गिरे पैसे मिलने पर विवाद
अस्पताल में गिरे पैसे मिलने पर विवाद
सीकर | एसके हॉस्पिटल के मेल मेडिकल वार्ड में शनिवार को गिरे हुए पैसे मिलने पर विवाद हो गया। एक गार्ड को गिरे हुए पैसे मिले। उसने वार्ड प्रभारी डॉ. बीएल बराला को बताया। कुछ ही देर बाद एक मरीज पैसे पर दावा करने पहुंचा। राशि को लेकर दोनों में मतभेद हो गया। गार्ड ने 1180 रुपए बताए, लेकिन दावा करने वाले मरीज ने 2000 रुपए होने की बात कही। दोनों के बीच मतभेद की स्थिति को देखते हुए डॉ. बराला ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पहुंचे कांस्टेबल सांवरमल को पैसे सौंप दिए।
शब-ए-मेराज में रातभर की इबादत
सीकर | इस्लामिक कैलेंडर के रजब माह की 27वीं रात शनिवार को शब-ए-मेराज की रात मनाई गई। घरों और मस्जिदों में रात भर लोग इबादत करते रहे। कई मस्जिदों में ईशा नमाज के बाद नात व तकरीर का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक चला। दिन में लोगों ने रोजा रखा। खानकाहे ए बिस्मिल के सज्जादानशीन सूफी मोइनुद्दीन जिलानी ने बताया कि सुन्नी मुस्लिम शब-ए-मेराज को जश्न की रात के रूप में मनाते हैं। इसमें नफ्ल नमाज और दिन में रोजा रखना 26 और 27 रजब को बहुत मुबारक माना जाता है। यह रात बड़ी अज्मत और बरकत वाली रात है।
चेतना को मिली पीएचडी की उपाधि
सीकर | कटराथल निवासी चेतना नेहरा पुत्री बनवारी लाल नेहरा को मोहनलाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय उदयपुर की ओर से पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। चेतना ने सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के राजनीति विभाग विभाग के प्रो गिरधारी सिंह कुंपावत के निर्देशन में इक्कीसवीं शताब्दी में भारत-यूरोपीय संघ संबंधों की उपादेयता एक विश्लेषणात्मक अध्ययन पर अपना शोध किया है।
क्लब की कार्यकारिणी का गठन
सीकर | अलायंस क्लब इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय प्रथम उपाध्यक्ष डॉ दयाशंकर जांगिड़ की देखरेख में क्लब के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारियों ने शाहिद अली गौड़ को अलायंस इंटरनेशनल क्लब 193 प्रांत का प्रांतपाल एवं प्रमिला सिंह को प्रांतीय सचिव, सह प्रांतपाल योगेश सोनी, कोषाध्यक्ष भंवर लाल जांगिड़, पीआरओ मोनिका सिंह को बनाकर प्रांत 193 की कार्यकारिणी का गठन किया।
कटारिया को मिलेगा अवार्ड
सीकर | एसके कॉलेज के पूर्व व्याख्याता एवं मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के लोक प्रशासन विभाग के प्रो. सुरेश कटारिया को राजऋषि पुरुषोत्तम टंडन अवार्ड से नवाजा जाएगा। केंद्रीय हिंदी संस्थान की हिंदी सेवी सम्मान योजना के अंतर्गत लोक प्रशासन एवं विधि के विषयों के लेखकों को दिया जाता है। राष्ट्रपति यह सम्मान एक समारोह में प्रदान करेंगे।
आवारा सांड ने वृद्धा को किया घायल
सीकर | ऋषिराज नगर सांवली रोड पर मंदिर से घर लौट रही वृद्धा को आवारा सांड ने टक्कर मार दी। वृद्धा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार भगवती देवी शर्मा सुबह साढ़े नौ बजे मंदिर से घर आ रही थीं। तभी उन्हें सांड ने सींगों से उठाकर पटक दिया। वे काफी दूर जा गिरीं। उनके हाथ में फ्रेक्चर, सिर व शरीर पर काफी चोटें आई हैं। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। आवारा सांड कई बार राहगीरों को घायल कर चुके हैं। इसके बावजूद रोकथाम के उपाय नहीं किए जा रहे।
हत्या का आरोपी रिमांड पर
खंडेला | हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी सरदारमल निवासी उदयपुरवाटी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर दिया गया। गुरुवार को ग्राम सलेदीपुरा की पहाडिय़ों में कांवट निवासी हंसराज का शव मिला था। पुलिस आरोपी सरदारमल को राजसमंद से गिरफ्तार कर खंडेला लाई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके साले के संबंध उसकी बहन से थे। इसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर दिया गया है।
बाइक चोरी के आरोपी को जेल भेजा
दांतारामगढ़ | बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी बजरंग लाल उर्फ पूसाराम (20) पुत्र शंकर लाल जाट निवासी डारा का बास पुलिस थाना मारोठ को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए। गौरतलब है की पुलिस ने बाइक चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बजरंग लाल जाट निवासी डारा का बास को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार बाइक भी बरामद की थी। आरोपी ने सीकर, जोबनेर,जयपुर ग्रामीण व करघनी जयपुर शहर में भी बाइक चोरी करना स्वीकार किया था।