ग्राम पंचायत जुगलपुरा में पेयजल समस्या के चलते लोगों को भीषण गर्मी में भटकना पड़ रहा है। समस्या को लेकर ग्रामीण जनप्रतिनिधियों व जिम्मेदारी अधिकारी को लंबे समय से बार-बार अवगत कराने के बाद भी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि भूजल स्तर गिरने के कारण ट्यूबवैल व अधिकतर हैंडपंप नकारा साबित हो रहे हैं। महज एक ट्यूबवैल से गांव की टंकी में पानी सप्लाई हो रहा है। आबादी के अनुसार लोगों को जरूरत के अनुसार पेयजल नहीं मिल रहा। टंकी के पास बर्तनों की कतार लगा कर घंटों इंतजार के बाद एक बाल्टी पानी मिलता है। अलसुबह से देर रात तक टंकी के पास पेयजल संग्रह करने के लिए सैकड़ों की तादाद में महिलाएं व बच्चों की कतार लगी रहती है। मूलचंद, प्रकाशचंद, नरेंद्र वर्मा, श्यामलाल, देवीलाल, कमलेश, मुकेश वर्मा सहित दो दर्ज महिलाओं ने जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए बताया कि शुक्रवार को अटल सेवा केंद्र में आयोजित राजस्व लोक अदालत व न्याय आपके द्वारा शिविर में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
नीमेड़ा गांव में पेयजल किल्लत, संपर्क पोर्टल पर डाली गई शिकायत का बिना समाधान किए ही कर दिया निस्तारण
खंडेला| खंडेला पंचायत समिति के नीमेड़ा गांव में पीने के पानी की भारी समस्या है। इस कारण ग्रामीण दूरदराज से पानी लाने का मजबूर हैं। इसके समाधान के लिए ग्रामीणों ने पिछले साल राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज करवाई, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने बिना समस्या का समाधान किए ही निस्तारण दिखा दिया। उसके बाद ग्रामीणों ने पिछले दिनों सात अप्रैल को जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन दिया था। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। जल प्रबंधन समिति के सदस्य मदन मोहन पारीक, रिछपाल बिजारणियां, मूलचंद बोरख, प्रभु बोरख, विकास शर्मा, चंद्रभान सिंह आदि ने समस्या के समाधान की मांग की है।
लक्ष्मणगढ़ में 48 घंटे में समाधान नहीं होने पर करेंगे प्रदर्शन
लक्ष्मणगढ़| काफी समय से पेयजल किल्लत का सामना कर रहे वार्ड सात के निवासियों ने गुरुवार को एसडीएम एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। राजस्थान ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष सुभाष जोशी,वार्ड पार्षद दिनेश सोनी व पूर्व पार्षद रमेश नाहरिया की अगुवाई में एसडीएम व जलदाय विभाग की जेईएन से मिलकर वार्ड में पिछले डेढ़ साल से चल रही पेयजल की परेशानी के बारे में बताते हुए दो दिन में समाधान करने की मांग की है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटे में समस्या का समाधान नहीं होगा तो वार्डवासी मिलकर विभागीय कार्यालय पर धरना देंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व शहर भाजपा अध्यक्ष जयप्रकाश सरावगी,पार्षद पंकज वर्मा,संदीप जोशी,भाजपा नेता प्रकाश पासोरिया,विक्रम भंडारी,संजय जोशी,पवन सैन,पंकज सैन,राकेश जोशी सहित अन्य वार्डवासी शामिल रहे।