कापरेन मंडी में पानी की व्यवस्था नहीं होने से किसान परेशान
कापरेन. जाम में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के फंसने पर वहीं खाना खाते किसान।
कापरेन. शहर की कृषि उपज गौण मंडी परिसर में चल रहे समर्थन मूल्य चना व गेहूं खरीद केंद्र पर शनिवार को किसान पानी के लिए तरस गए। तुले गेहूं का उठाव नहीं होने से बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां की लाइन लग गई।
मंडी में तुले हुए माल के कट्टों से परिसर अटा हुआ है तथा गोदामों में समय पर माल खाली नहीं होने से लोडिंग वाहन नहीं आ रहे हैं, जिसके चलते मंडी के बाहर कोटा-लालसोट मेगा हाइवे तक तथा दूसरी ओर सीनियर सैकंडरी स्कूल तक लंबी लाइन लग गई। इससे जाम के हालात बन गए। मंडी में किसानों को पीने के पानी को भी तरसना पड़ रहा है। चना केंद्र पर जगह है, लेकिन वहां तक जाना मुश्किल है, जिससे चना लेकर आए किसानों को शुक्रवार रात बाहर ही गुजारनी पड़ी। प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है तथा पुलिस प्रशासन द्वारा भी जाम हटाने, वाहनों को निकालने की व्यवस्था को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है।
उधर, मंडी समिति सचिव नरेंद्र स्वर्णकार ने बताया कि शनिवार की शाम को पानी की व्यवस्था कर दी गई है तथा क्वालिटी इंस्पेक्टर संतोष मीणा ने बताया कि सारी परेशानी का कारण गोदामों में माल खाली नहीं हो पाना है। उठाव नहीं होने से ट्रक मंडी में नहीं आ पा रहे। किसानों के माल का ढेर करने की जगह नहीं होने से बाहर लाइनें लगी हुई है। हालांकि जल्द ही व्यवस्था में सुधार हो जाएगा।