मेज नदी पर 28.77 करोड़ का बड़ा पुल डेढ़ साल में
बूंदी| मेज नदी पर गेंडोली-झालीजी का बराना के बीच 28.77 करोड़ की लागत से बड़ा पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी 28 मई को पुल बनाने के टेंडर हो जाएंगे। यह पुल डेढ़ साल में बनेगा। अब तक बारिश में कापरेन इलाके के गांवों का संपर्क बाकी जिले से कट जाता है या उन्हें लंबा चक्कर लगाकर बूंदी अथवा अन्य जगह जाना पड़ता है। इस पुल के बन जाने से यह परेशानी दूर हो जाएगी, जिससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
पीडब्ल्यूडी के एसई सुरेश बैरवा ने बताया कि मेज नदी पर बननेवाले 260 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल में 21.60 मीटर के 10 मोखे होंगे। घोड़ा पछाड़, मांगली और कुरेल नदियां आकर मिलने के कारण मेज नदी का बहाव और पाट काफी चौड़ा हाे जाता है। ऐसे में कापरेन सहित कई इलाके के लोग इसके पार नहीं जा पाते। कई बार तो सात-आठ दिन तक लगातार ये इलाके बारिश के दिनों में बाकी जिले से कटे रहते हैं। बरसात में ऐसा कई बार होता है। मजबूरी में लोगों को जान जोखिम में डालकर उफनती नदी को नाव से पार कर दूसरी तरफ आना पड़ता है पुल बनने से कापरेन इलाका बूंदी जिला मुख्यालय से जुड़ा रहेगा।