गड्ढों में अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, किराने की दुकान क्षतिग्रस्त
देईखेड़ा। रोटेदा में मुख्य सड़क पर पलटा ट्रक।
भास्कर न्यूज| कापरेन
रोटेदा में मंगलवार रात को एक भूसे से भरा ट्रक जर्जर सड़क पर असंतुलित होकर किराने की दुकान पर पलट गया। उस समय मौके पर कोई नहींं हाेने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार रात को कोटा जिले के मंडावरा की ओर से एक ट्रक भूसा भरकर कापरेन की ओर आ रहा था कि रोटेदा में डोलर तिराहे के पास सड़क पर हो रहे गड्ढों में असंतुलित होकर पलट गया। घटना में ट्रक चालक व एक अन्य को हल्की चोटें आई है, जबकि दुकान मालिक कालूलाल सुमन का टीनशेड व चारदीवारी ढह गई। इससे उसे 15-20 हजार रुपए का नुकसान हुआ।
जर्जर सड़क पर आए दिन हो रहे हादसे
कापरेन से रोटेदा-मंडावरा सड़क यूं रिकॉर्ड में तो स्टेट हाइवे-37 ए का दर्जा लिए हुए हैं, लेकिन डेढ़ साल से सड़क जर्जर हालत में हैं। आए दिन हादसे होते रहते हैं। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा वाहनचालकों व राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक संबंधित अधिकारियों, मंत्री, विधायक, सांसद सहित अन्य नेताओं को कई बार अवगत कराया जा चुका है।