आजंदा गांव के पास नौलाइयों में लगी आग
देईखेड़ा| आजंदा गांव के पास खेतों में बुधवार दोपहर बाद अचानक नौलाइयों में आग लगने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दमकल कर्मियों व ग्रामीणों ने आकर आग को बुझाया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। गांव के पास खेतों में आग लगने के बाद ग्रामीणों ने देईखेड़ा पुलिस व कापरेन नगर पालिका प्रशासन को दमकल के लिए कॉल किया। क्षेत्रवासी नंदकिशोर मीणा, सत्यनारायण मीणा, कन्हैयालाल बैरागी, भैरुसिंह, हंसराज, शांतिलाल ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए पहले ग्रामीणों ने प्रयास किया, लेकिन हवा के साथ आग बेकाबू होते देख दमकल व पुलिस को सूचना दी गई। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के प्रयास से आग पर एक घंटे की कोशिश के बाद काबू पा लिया। बाद में हैड कांस्टेबल रामेश्वरसिंह, गिरिराज, हल्का पटवारी राजमल ने मौका मुआयना किया।
खेत में ट्रैक्टर और प्लास्टिक का सामान जला
बूंदी. चित्तौड़ रोड पर बुधवार को खेत व बंजर भूमि में आग लग गई। हवा चलने के साथ आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप ले लिया। इस आग की चपेट में आकर एक ट्रैक्टर और बिजली ट्रांसफार्मर भी जल गए। तीन दमकलों व ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। इस दौरान लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। इसी तरह शहर के नैनवां रोड पर पार्श्वनाथ ट्रेडर्स के गोदाम में भी आग लग गई। गोदाम में प्लास्टिक पाइप, प्लास्टिक टंकियां और प्लास्टिक का अन्य सामान भरा हुआ था। आग को नगरपरिषद की दमकल ने काबू में किया।