- Hindi News
- National
- बास्केटबॉल अंडर 19 टूर्नामेंट में आरसीएफ ने कपूरथला को हराया, जतिन बने बेस्ट खिलाड़ी
बास्केटबॉल अंडर 19 टूर्नामेंट में आरसीएफ ने कपूरथला को हराया, जतिन बने बेस्ट खिलाड़ी
बास्केटबॉल इंडियन प्लेयर्स एसोसिएशन की ओर से आरसीएफ के महाराजा रणजीत सिंह स्टेडियम में दूसरा बास्केटबाल टूर्नामेंट करवाया गया। इस दौरान 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों के मुकाबले करवाए गए। टूर्नामेंट में 14 साल से कम आयु वर्ग के लड़कों में आरसीएफ ने कपूरथला को हरा कर पहला स्थान हासिल किया जिसमें जतिन बेस्ट खिलाड़ी चुने गए। लड़कियों के वर्ग में भी आरसीएफ ही विजेता रहा जिसने कपूरथला को मात देकर फाइनल मुकाबला जीता। मैच में लवलीन कौर बेस्ट खिलाडी चुनी गई। 17 साल वर्ग के लड़कों का फाइनल मैच होशियारपुर व कपूरथला के बीच खेला गया जिसमें कपूरथला विजय रहा और प्रिंस बेस्ट प्लेयर चुने गए। 17 साल की लड़कियों के फाइनल में आरसीएफ ने कपूरथला को पराजित कर जीत हासिल की और आरसीएफ की हरसिमरन कौर बेहतरीन खिलाडी चुनी गई। लड़कों के 19 साल वर्ग में जालंधर व होशियारपुर के बीच मुकाबला हुआ जिसमें जालंधर ने जीत हासिल की और सरताज बेस्ट खिलाडी चुने गए। विजेता रही टीम के खिलाड़ियों को आरसीएफ खेल संघ के प्रधान सीएम जिंदल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल हमें जिंदगी में आगे बढ़ने का संदेश देता है और मेहनत करने वाले लोग हमेशा आगे बढ़ते हैं। इस मौके पर पर आरसीएफ के वरिष्ठ खेल अधिकारी व ध्यान चंद अवार्डी राम कुमार ने सभी मेहमानों व खिलाड़ियों का आभार जताते हुए कहा कि यह एक छोटी सी कोशिश है जिससे युवा खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के प्रति प्रोत्साहित किया गया है। इस मौके पर अर्जुन अवार्डी अजमेर सिंह, अर्जुन अर्वा डी सज्जन सिंह चीमा, रेडिका खेल संघ के खजांची डीके बख्शी, एसोसिएशन के प्रधान सुखदेव सिंह, सचिव बलबीर सिंह, बास्केटबॉल कोच सतीश शर्मा, बास्केटबॉल एसोसिएशन कपूरथला के सचिव बूटा राम, कोच अशोक गुप्ता, परमिंदर सिंह, शिंगार सिंह, निखिल निर्मल, संतोष, हरमनदीप सिंह व दिलदार सिंह व विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।
बास्केटबॉल टूर्नामेंट के विजेता खिलाड़ी। -भास्कर