कपूरथला | थाना सदर पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध शराब समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ एक्साईज एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। एएसआई दलबाग सिंह ने बताया कि वह गांव सिधवां दोनां से गांव खुसरोपुर की तरफ गश्त पर जा रहे थे। पुलिस पार्टी गंदा नाला पुली खुसरोपुर के पास पहुंची तो सामने से एक व्यक्ति पैदल आते हुए दिखाई दिया। उसने प्लास्टिक की कैनी पकड़ी हुई थी। पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम परमजीत सिंह उर्फ पम्मा पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी गांव खुसरोपुर बताया। जब उसके हाथ में पकड़ी कैनी की जांच की गई तो उसमें 6750 एमएल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।