बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मारने वाला वाहन चालक नामजद
कपूरथला | थाना सिटी पुलिस ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार जख्मी करने के आरोप में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना सिटी पुलिस को दी शिकायत में नछत्तर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी शाहपुर जालंधर ने बताया कि वह ड्राईवर है। वह रोजाना की तरह 13 अप्रैल को अपनी ट्रक यूनियन में आया था। उसके चाचा का लड़का जसकरण सिंह पुत्र बलजिंदर सिंह निवासी शाहपुर जालंधर ड्राइवरी सीखना चाहता था। वह भी उसके साथ आया था। शाम 4 बजे ट्रक यूनियन के ड्राइवर मनदीप सिंह पुत्र भजन सिंह निवासी किलेवाला को घर छोड़ने के लिए अपने जानकार चरणजीत सिंह पुत्र बलविंदर राम निवासी गांव तलवंडी महिमा का बाइक लेकर चाचा के लड़के जसकरण सिंह को भेज दिया। मनदीप सिंह बाइक चला रहा था जबकि जसकरण सिंह पीछे बैठा था। जब वह कपूरथला-सुल्तानपुर लोधी रोड वलैती टायरों वाले की दुकान के समीप पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रुप से जख्मी हो गए और अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जख्मियों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।