मास्टर गुरदेव सिंह पर दर्ज मामले के विरोध में निकाला रोष मार्च
7 अप्रैल को जिला परिषद के उप-चेयरमैन मास्टर गुरदेव सिंह पर थाना फत्तूढींगा में लड़कों को पिटवाने का मामला दर्ज होने के बाद सोमवार को शिअद ने एसजीपीसी अंतरिंग कमेटी के सदस्य बीबी गुरप्रीत कौर रुही की अध्यक्षता में रोष मार्च निकाला। इस दौरान शिअद नेताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, इसके बाद कचहरी चौक में डीएसपी सब-डिवीजन गुरमीत सिंह को ज्ञापन दिया। शिअद नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने मास्टर गुरदेव सिंह पर राजनीतिक दबाव में झूठा मामला दर्ज किया है। पुलिस ने 5 अप्रैल रात 9 बजे की घटना दिखाई है लेकिन उस समय मास्टर गुरदेव सिंह अपने घर में 25 किलोमीटर दूर कपूरथला में था। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। उन्होंने मांग की कि घटना की एसपी अधिकारी से जांच करवाई जाए। बीबी गुरप्रीत कौर रुही ने कहा कि उन्होंने मास्टर गुरदेव सिंह पर 7 अप्रैल को थाना फत्तूढींगा में दर्ज हुए केस को पुलिस से मिलकर 7 दिन में रद्द करने की मांग की थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके रोष में सोमवार को शिअद नेताओं ने स्टेट गुरुद्वारा साहिब में बैठक की, इसके बाद कचहरी चौक तक मार्च निकाला। बता दें कि थाना फत्तूढींगा पुलिस ने 7 अप्रैल को गांव देसल निवासी बीए कक्षा के स्टूडेंट गुरचरण सिंह की शिकायत पर जिला परिषद के उप-चेयरमैन मास्टर गुरदेव सिंह पर पिटवाने का मामला दर्ज किया था। घटना 5 अप्रैल रात 9 बजे की दिखाई गई है। मास्टर गुरदेव सिंह ने 9 अप्रैल को प्रैस कांन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि वह घटना के मौके 25 किलोमीटर दूर कपूरथला में अपने घर में था। मौके पर सवरण सिंह, सुरजीत सिंह, सतपाल, सतनाम सिंहे, सुच्चा सिंह, जसबीर, सुखदेव सिंह, नरिंदर सिंह, करणजीत सिंह, हंसराज, गुरनाम सिंह, रणजीत सिंह, डा. जसबीर सिंह, सवरण सिंह, जगप्रीत सिंह, जसपाल सिंह आदि मौजूद थे।
डीएसपी सब-डिविजन गुरमीत सिंह को ज्ञापन देते शिअद नेता। -भास्कर