लिक्विड अटैक के घटनाक्रम की शुरू हुई मजिस्ट्रेट जांच
8 फरवरी को युवती पर लिक्विड हमला करने वाले आरोपी चाचा की मॉडर्न जेल में फंदा लगाकर हुई मौत के बाद पुलिस ने मंगलवार को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में युवती की मां को हिरासत में ले लिया है हालांकि थाना कोतवाली के एसएचओ हरगुरदेव सिंह नेे कहा कि अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। 68 दिन के इस पूरे घटनाक्रम की मजिस्ट्रेट जांच शुरू हो गई है। युवती पर लिक्विड हमला कैसे हुआ। जेल में हरदीश ने आत्महत्या क्यों की। दोनों मामलों में असलीयत क्या थी। कौन कितना जिम्मेदार है। यह सब पहलू जांच में खंगाले जाएगा। 68 दिन के घटनाक्रम में युवती का चेहरा और शरीर जल गया। पिता ने सुसाइड करने की कोशिश तक की। आरोपी चाचा ने जेल में अपनी जान दे दी। जेल में आत्महत्या करने वाले हरदीश का परिवार अपने भाई की मौत का जिम्मेदार युवती, उसकी मां को ठहरा रहे हैं। वहीं, युवती की मां का आरोप है कि उसे इस केस में झूठा फंसाया गया है। पहले उसकी बेटी पर लिक्विड हमला कर उसकी जिंदगी उजाड़ दी गई। अब हम मां-बेटी को इस मामले में झूठा फंसाया गया है। उसने मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से गुहार लगाई है।
डीएसपी गुरमीत सिंह ने कहा कि पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच हो रही है। सोमवार को माननीय जज पूनम कश्यप की अध्यक्षता में डॉक्टरों के पैनल ने मृतक हरदीश सिंह का पोस्टमार्टम किया था। अब वह खुद ही पूरे मामले की जांच करेंगे। पुलिस पूरे मामले में सहयोग करेगी। जेल में क्या हुआ, यह भी जांच में सामने आ जाएगा। कोतवाली पुलिस ने हरदीश की मौत के संबंध में युवती कोमलप्रीत कौर, उसकी मां मनजीत कौर और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।
लिक्विड अटैक