दलितों व गरीब लोगों पर अत्याचार बढ़ते जा रहे : भुल्लर
पंजाब की सार्वजनिक जत्थेबंदियों के आह्वान पर पेंडू मजदूर यूनियन व नौजवान भारत सभा ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर देश के राष्ट्रपति व पंजाब के मुख्यमंत्री के नाम एडीसी जनरल राहुल चाबा को मांग पत्र सौंपा। पेंडू मजदूर यूनियन के प्रदेश महासचिव बलविंदर सिंह भुल्लर ने कहा कि देश भर में दलितों व गरीब लोगों पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। हर तरफ गुंडागर्दी, रेप, भ्रष्टाचार, लूटपाट जैसी घटनाएं घटित हो रही हैं। जिस कारण देश की जनता में केंद्र सरकार प्रति भारी रोष पाया जा रहा है। वहीं पंजाब सरकार भी इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने पंजाब व केंद्र सरकार से मांग की है कि देश के बिगड़ रहे हालातों को सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए जाए। ताकि हर व्यक्ति बिना किसी डर के अपना जीवन व्यतीत कर सके। 2 अप्रैल को भारत बंद के आह्वान दौरान एससी/एसटी एक्ट व रिजर्वेशन को नर्म करने के फैसले खिलाफ लोगों की बुलंद आवाज को कुचलने के लिए संघर्षशील लोगों के खिलाफ जगह-जगह दर्ज किए झूठे मामले व इससे पहले भी संघर्ष दौरान दर्ज किए मामले तुरंत रद्द किए जाए। फगवाड़ा में दो गुटों के बीच हुए हिंसक झड़प के बाद दलितों पर दर्ज हुए मामले रद्द किए जाए। दलितों पर फायरिंग करने वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। दलितों व समाज के अन्य गरीब लोगों पर हो रहे अत्याचार बंद किए जाए। एससी/एसटी एक्ट व रिजर्वेशन को कमजोर करने के फैसले को तुरंत रद्द किया जाए। भीम आर्मी उत्तर प्रदेश के प्रमुख नेता चंद्र शेखर आजाद को बिना शर्त तुरंत रिहा किया जाए। इसके अलावा अन्य मांगे जल्द पूरी की जाए। इस अवसर पर हंसा सिंह मुंडी, निर्मल सिंह, अमरजीत जवालापुर, कुलविंदर सिंह, प्यारा सिंह, सुच्चा सिंह, कश्मीर सिंह, मास्टर बलबीर सिंह, रणजीत सिंह देसल के अलावा अन्य मौजूद थे।
एडीसी जनरल राहुल चाबा को मांग पत्र सौंपते पेंडू मजदूर यूनियन व नौजवान भारत सभा के नेता व सदस्य।