भास्कर संवाददाता| फत्तूढींगा
अनाज मंडी फत्तूढींगा के पास कपूरथला से गोइंदवाल साहिब को जाती कार को वाहन ने टक्कर मार दी। इससे कार का ड्राइवर संतुलन खो बैठा। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, इससे कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार इंडियन ऑयल के इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार देर रात की है। घटनास्थल पर पहुंची फत्तूढींगा पुलिस ने मृतक की लाश को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक पुलिस को पता नहीं चला है कि कार को टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था। नीतिश कुमार विज निवासी लखनऊ (उत्तर प्रदेश) अपनी जैन कार यूपी 53-वी-4322 से इंडियन आयल कार्पोरेशन के दफ्तर श्री गोइंदवाल साहिब जा रहा था। अनाज मंडी के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे कार अपनी साइड से दूसरी तरफ लगे वृक्ष के साथ जा टकराई। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को घटना संबंधी सोमवार सुबह पता चला। पुलिस ने मृतक की लाश को बड़ी मशक्कत से कार से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 304ए-289-427 तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार, मामला दर्ज
घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर है पुलिस का नाका, रात भर हादसे का पता नहीं चला
अनाज मंडी फत्तूढींगा के पास हुए सड़क हादसे में कार चकनाचूर हो गई।
घटना मुंडी मोड़ के पास अनाज मंडी के सामने की है। पुलिस का एक किलोमीटर दूर फत्तूढींगा में पुलिस थाना है जबकि कुछ ही कदमों पर मुंडी मोड़ में पुलिस का नाका होता है। पुलिस को पूरी रात हादसे के बारे में पता नहीं चला। पुलिस को इस संबंधी सूचना सुबह मिली। ड्यूटी अफसर भगवंत सिंह ने कहा कि लोगों की मदद से मृतक की लाश को कार से निकालकर सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में रखवा दिया है। हादसे में मृतक नौजवान पूरी तरह कुचला गया, जिस कारण उसकी पहचान करनी भी मुश्किल थी। बाद में उसकी पहचान नीतिश कुमार विज निवासी लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रुप में हो गई।