डाकघराें में आधार कार्ड की रजिस्ट्रेशन और संशोधन की सुविधा शुरू
यूआईडीएआई ने लोगों की सुविधा के मद्देनजर भारतीय डाक विभाग को रजिस्ट्रार के रुप में रजिस्टर्ड कर लिया है। इसके तहत कपूरथला डिविजन के अंतर्गत सभी मनोनीत डाकघरों में आधार कार्ड की रजिस्ट्रेशन और संशोधन करवाने की सुविधा शुरू कर दी गई है। सुपरिंटेंडेंट पोस्ट ऑफिस डिविजन दिलबाग सिंह सूरी ने बताया कि डाकघरों में नए आधार कार्ड की रजिस्ट्रेशन बिल्कुल मुफ्त की जा रही है जबकि इसमें संशोधन करने के लिए नामात्र फीस रखी गई है।
उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन की सुविधा चुनिंदा डाकघरों और संशोधन की सुविधा सभी डाक घरो में शुरू की गई है। उन्होंने कपूरथला डिविजन के अंतर्गत कपूरथला, फगवाड़ा और नकोदर के नागरिकों को अपील की कि वह अपने नजदीकी डाकघरों में नए आधार कार्ड और आधार कार्ड में संशोधन के लिए सुविधाओं का लाभ लें। उन्होंने बताया कि देश में 113 करोड़ व्यक्तियों के आधार कार्ड बन चुके हैं। रोजाना करीब 3 लाख लोग अपने आधार डाटाबेस, जैसे कि नाम, पता, फोटो, मोबाइल नंबर आदि में संशोधन करवा रहे हैं।