कपूरथला वासियों को डेंगू और मच्छरों से पैदा होने वाली अन्य बीमारियों से बचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इसके तहत डीसी-कम-प्रधान जिला रेडक्रॉस सोसायटी कपूरथला मोहम्मद तैयब ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से करीब 50 हजार रुपए की लागत से फॉगिंग मशीन शुक्रवार को नगर कौंसिल कपूरथला को दी गई। उन्होंने कहा कि इस मशीन से नगर कौंसिल को शहर में फॉगिंग करने में पेश आ रही कठिनाई दूर हो जाएगी। उन्हांने कहा कि शहर के विभिन्न जोनों में बांटकर फॉगिंग करवाई जाएगी, जिससे शहर को बीमारी मुक्त किया जा सके। उन्होंने नगर कौंसिल अधिकारियों को हिदायत दी कि वह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिलकर शहर में लगातार फॉगिंग करने का विवरण तैयार करके उसके मुताबिक तुरंत कार्रवाई शुरू करें।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव आरसी बिरहा ने बताया कि जिला स्वास्थ्य सोसायटी की गत बैठक के दौरान रेडक्रॉस की ओर से फॉगिंग मशीन खरीदने का फैसला लिया गया था, जिसे डीसी के नेतृत्व में तुरंत लागू कर दिया गया है। नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी कुलभूषण गोयल ने डीसी का आभार जताते हुए कहा कि इससे नगर कौंसिल ओर बेहतर ढंग से शहर को अपनी सेवाएं दे सकेगी। इस अवसर पर एडीसी (जनरल) राहुल चाबा, तहसीलदार कपूरथला मनवीर सिंह ढिल्लों, सहायक लोक संपर्क अधिकारी हरदेव सिंह आसी, सैनेटरी इंस्पेक्टर जुगराज सिंह आदि मौजूद थे।