पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टास्क फोर्स कमेटियों का किया जाएगा गठन

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टास्क फोर्स कमेटियों का किया जाएगा गठन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले में आगामी बरसात सीजन के दौरान बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए डीसी मोहम्मद तैय्यब द्वारा अधिकारियों को जिले में पुख्ता प्रबंध पूरा करने और ड्रेन व बरसाती नालों की सफाई करने के आदेश दिए हैं। डीसी ने शुक्रवार को योजना भवन में बाढ़ रोकने के प्रबंधों का जायजा लिया।

डीसी ने कहा कि दरिया के साथ लगते सब डिवीजनों के एसडीएम योजना तैयार करें ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति के दौरान लोगों की जान-माल की सुरक्षा के साथ-साथ उनको तुरंत राहत दी जा सके। उन्होंने संभावित बाढ़ से बचाव के लिए प्रभावित क्षेत्रों में टास्क फोर्स कमेटियों का गठन करने की हिदायत की। डीसी ने कहा कि संभावित बाढ़ के दौरान आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए अभी से ही दरिया किनारे वाले इलाकों व प्रभावित गांवों की सूची तैयार करके लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए जगह की पहचान पहले से ही कर ली जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान संचार व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धुस्सी बांध की मजबूती के लिए मनरेगा के तहत कार्य करवाया जाए और धुस्सी बांध पर पौधे भी लगाए जाएं।

डीसी ने पशु पालन विभाग को पशुओं के चारे और दवाइयों के लिए प्रबंध करने, पावरकॉम को राहत कैंपों में बिजली सप्लाई यकीनी बनाने, खुराक व सिविल सप्लाई विभाग को बाढ़ से प्रभावित लोगों की जरूरत के लिए जरूरत अनुसार कैरोसिन, डीजल, पेट्रोल, तिरपाल, राशन व अन्य खाने-पीने की वस्तुओं का प्रबंध करने के आदेश दिए। इसके अलावा उन्होंने किश्तियों, तैराकों, गोताखोर, चप्पू, लाइफ जैकेट, बोरे, रस्सियों, बांस, पंपिंग सेट आदि का प्रबंध करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान एडीसी (जनरल) राहुल चाबा, जिला राजस्व अधिकारी जश्नजीत सिंह, एसडीएम सुल्तानपुर लोधी डा. चारुमिता, एसडीएम फगवाड़ा ज्योति बाला मट्‌टू, एसडीएम भुलत्थ मेजर डाॅ. सुमित मुध, तहसीलदार कपूरथला मनवीर सिंह ढिल्लाें, सचिव रैडक्रॉस आरसी बिरहा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की अध्यक्षता करते डीसी मोहम्मद तैय्यब। साथ में हैं एडीसी (जनरल) राहुल चाबा, जिला राजस्व अधिकारी जश्नजीत सिंह व अन्य। -भास्कर

खबरें और भी हैं...